logo

गांडेय में नामांकन से पहले गुरुजी से मिलीं कल्पना, सास रूपी सोरेन का भी लिया आशीर्वाद

a556.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:


गांडेय विधानसभा उपचुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा की उम्मीदवार कल्पना मुर्मू सोरेन ने रविवार को मोरहाबादी स्थित आवास जाकर पार्टी सुप्रीमो शिबू सोरेन से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना मुर्मू सोरेन ने ससुर शिबू सोरेन और सास रूपी सोरेन से मुलाकात की। उनके पांव छुये और आशीर्वाद लिया। कल्पना मुर्मू सोरेन सोमवार को गांडेय में अपना नामांकन दाखिल करेंगी। नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन सहित इंडिया ब्लॉक के अन्य नेता, झामुमो के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहेंगे। इसके बाद जनसभा भी होगी। गौरतलब है कि 31 दिसंबर 2023 को डॉ. सरफराज अहमद के इस्तीफा देने के बाद गांडेय सीट खाली हुई थी जहां उपचुनाव होगा।

 

मुलाकात की तस्वीर शेयर कर कल्पना ने ये लिखा
मुलाकात की तस्वीर शेयर करते हुए कल्पना मुर्मू सोरेन ने लिखा है कि "आंदोलन, संघर्ष और शहादत से बने विशाल वृक्ष का नाम है झामुमो। झारखंड वासियों के हक-अधिकार के लिए अंतिम सांस तक लड़ने वाले संघर्ष का नाम है झामुमो। झारखंड मुक्ति मोर्चा अध्यक्ष आदरणीय बाबा दिशोम गुरु शिबू सोरेन द्वारा मुझे गांडेय विधानसभा उपचुनाव लड़ने का निर्देश दिया गया है। उपचुनाव हेतु झामुमो के तीर-कमान की शक्ति के साथ कल नामांकन पत्र दाखिल करने से पूर्व आज आदरणीय बाबा, मां और दीदी का आशीर्वाद लिया।  झारखंडी अस्मिता की रक्षा करने वाले सच्चे सिपाही हेमन्त जी की जीवन संगिनी, मैं, कल्पना मुर्मू सोरेन, झामुमो की सिपाही के रूप में झारखण्ड और गांडेय विधानसभा की जनता के हक-अधिकार के लिए जीवनपर्यंत कार्य करती रहूंगी। आप सभी के स्नेह और आशीर्वाद के साथ आने वाले वक्त में गांडेय विधानसभा की तस्वीर बदली जाएगी। जोहार। झारखंड मुक्ति मोर्चा जिंदाबाद!दिशोम गुरु शिबू सोरेन जिंदाबाद। हेमंत सोरेन जिंदाबाद। जय झारखंड।

 

आज शाम को गांडेय पहुंच जाएंगी कल्पना
बताया जा रहा है कि कल्पना मुर्मू सोरेन रविवार की शाम को ही गांडेय पहुंच जाएंगी। सोमवार को वह मुख्यमंत्री सहित इंडिया ब्लॉक के अन्य नेताओं के साथ समाहरणालय जाकर आवेदन दाखिल करेंगी। इसके बाद पिपरवाटांड़ में जनसभा का आयोजन किया गया है। पिपरवाटांड़ में जनसभा की तैयारी युद्धस्तर पर जारी है। बीजेपी ने गांडेय उपचुनाव में दिलीप कुमार वर्मा को प्रत्याशी बनाया है। गौरतलब है कि रविवार को मोरहाबादी स्थित  आवास में दिशोम गुरु शिबू सोरेन  ने कल्पना मुर्मू सोरेन को पार्टी का सिंबल भी प्रदान किया। गांडेय उपचुनाव से कल्पना मुर्मू सोरेन की चुनावी राजनीति में लॉन्चिंग हो रही है। 

गिरिडीह में लॉन्चिंग से पहले भी लिया था आशीर्वाद
गौरतलब है कि इससे पहले गिरिडीह में पार्टी के स्थापना दिवस समारोह के मौके पर आयोजित जनसभा में शामिल होने से पहले भी कल्पना मुर्मू सोरेन ने मोरहाबादी स्थित आवास जाकर शिबू सोरेन और रूपी सोरेन से मुलाकात की थी। उनका आशीर्वाद लिया था। तब भी कल्पना मुर्मू सोरेन ने कहा था कि वह गुरुजी की आशीर्वाद से अपने सार्वजनिक जिंदगी की शुरुआत करने जा रही हैं। 

Tags - Kalpana Murmu SorenJMMShibu SorenGandey ByelectionJharkhand News