logo

Breaking : खिजरी विधायक राजेश कच्छप के आवास पहुंची बंगाल पुलिस, छापेमारी जारी

A202.jpg

रांची: 

बंगाल पुलिस खिजरी विधायक राजेश कच्छप के आवास पर पहुंच गई है। विधायक के आवास पर बंगाल पुलिस की छापेमारी जारी है। राजेश कच्छप को बंगाल पुलिस ने 30 जुलाई को हावड़ा से गिरफ्तार किया था। राजेश कच्छप, जामताड़ा विधायक इरफान अंसारी और कोलेबिरा विधायक नमन बिक्सल कोंगाड़ी के साथ सफर कर रहे थे। पुलिस ने तीनों विधायकों को 49 लाख रुपये कैश के साथ पकड़ा था। 

30 जुलाई को बंगाल पुलिस ने किया था गिरफ्तार

गौरतलब है कि हावड़ा (ग्रामीण) एसपी स्वाति मंघियाल की अगुवाई में बंगाल पुलिस की एक टीम ने झारखंड कांग्रेस के 3 विधायकों, राजेश कच्छप, इरफान अंसारी और नमन बिक्सल कोंगाड़ी को पांचला थानाक्षेत्र अंतर्गत रानीहाट मोड़ के पास से 49 लाख रुपये कैश के साथ हिरासत में लिया था। बाद में पूछताछ के बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल, तीनों बंगाल सीआईडी की हिरासत में है। तीनों विधायकों पर झारखंड की मौजूदा हेमंत सरकार को गिराने की साजिश रचने और इसके एवज में पैसे लेने का आरोप है। 

जामताड़ा में इरफान अंसारी के आवास पर भी छापा

तीनों विधायकों के खिलाफ बेरमो से कांग्रेस पार्टी के विधायक कुमार जयमंगल उर्फ अनूप सिंह ने जीरो एफआईआर भी दर्ज करवाई थी। अनूप सिंह ने आरोप लगाया था कि इरफान अंसारी ने उनको हेमंत सरकार को गिराने के एवज में 10 करोड़ रुपये और मंत्रीपद का लालच दिया था। गौरतलब है कि आज ही बंगाल पुलिस की टीम ने जामताड़ा जाकर इरफान अंसारी के आवास पर भी छापा मारा।