द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के सुनसुनिया गेट के पास मंगलवार देर रात तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गयी। हादसा रात करीब 10:40 बजे हुआ। टक्कर के बाद युवक ट्रेलर के पिछले दोनों पहियों के बीच फंस गया और वाहन उसे करीब 50 मीटर तक घसीटता ले गया। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद युवक को पहियों के बीच से बाहर निकाला और तत्काल इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान परसुडीह थाना क्षेत्र के बारीगोड़ा निवासी 27 वर्षीय सागर गोप के रूप में हुई है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद उसके परिजन टीएमएच पहुंचे।

ट्रेलर छोड़कर भागा चालक
अस्पताल में परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। परिजनों के अनुसार, सागर अपने पिता का इकलौता बेटा था और बर्मामाइंस स्थित एक कंपनी में हेल्पर का काम करता था। स्थानीय लोगों ने बताया कि सागर व्यवहारिक स्वभाव का युवक था। जानकारी के अनुसार, सागर बाइक से बर्मामाइंस से साकची की ओर जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद वह बाइक समेत ट्रेलर के पिछले पहियों के बीच फंस गया। स्थानीय लोगों ने ट्रेलर को रुकवाया और काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

एक घंटे बाद सामान्य हुआ यातायात
दुर्घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गयी। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी और बड़ी संख्या में भारी वाहन जाम में फंस गये। बर्मामाइंस पुलिस और स्थानीय लोगों के प्रयास से करीब एक घंटे बाद यातायात सामान्य कराया जा सका। पुलिस ने लोडेड ट्रेलर को जब्त कर थाना ले गयी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर खासा आक्रोश देखा गया। मौके पर मौजूद लोगों ने ट्रैफिक प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। लोगों का कहना था कि क्षेत्र में भारी वाहनों के लिए नो एंट्री रात 11 बजे खुलती है, इसके बावजूद रात 10:30 बजे ही ट्रेलर सड़क पर दौड़ रहा था।

पहले भी हो चुके हैं जानलेवा हादसे
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सुनसुनिया गेट के पास लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन और कंपनी प्रबंधन की ओर से सुरक्षा को लेकर ठोस कदम नहीं उठाये जा रहे हैं। लोगों ने बताया कि कंपनी से माल अनलोड करने के बाद कई भारी वाहन सड़क किनारे ही खड़े कर दिये जाते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों के अनुसार, सुनसुनिया गेट के पास इससे पहले भी कई सड़क हादसे हो चुके हैं। 9 फरवरी को कंपनी से निकल रहे स्टील रोल लदे ट्रेलर और ऑटो की टक्कर में ऑटो सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गयी थी, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।