द फॉलोअप डेस्क
साहिबगंज जिले के मंडरो प्रखंड में भारतीय जनता पार्टी प्रखंड कमेटी द्वारा एक दिवसीय जन आक्रोश रैली सह धरना प्रदर्शन का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य सह कार्यक्रम प्रभारी गणेश तिवारी और पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष पप्पू साह के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
इस दौरान, भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार को कोसते हुए 15 सूत्री मांगों का एक मेमोरेंडम मंडरो बीडीओ मेघनाथ उरांव को सौंपा। पांच सदस्यीय टीम द्वारा यह ज्ञापन सौंपा गया। रैली के भ्रमण के दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की।
ज्ञापन में मुख्य मांगों में विधि-व्यवस्था को दुरुस्त करना और आम जन की सुरक्षा सुनिश्चित करना शामिल था। इसके अतिरिक्त, धान क्रय किए गए किसानों की बकाया राशि का भुगतान, जाति, आय प्रमाण पत्र और राशन कार्ड बनवाने की प्रक्रिया को बिचौलिया मुक्त करना, अधिसूचित क्षेत्र में पेसा नियमावली लागू करना, और आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषणयुक्त सामग्री की आपूर्ति सुनिश्चित करना जैसी मांगें भी उठाई गईं।
अन्य मांगों में वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, अस्पतालों में एम्बुलेंस, दवा, ऑक्सीजन, टीकाकरण की व्यवस्था सुधारना, जर्जर सड़कों की मरम्मत और मनरेगा में 60% पीसी लेना बंद करना आदि शामिल थे। इस अवसर पर पूर्व भाजपा प्रखंड अध्यक्ष अनिल मुर्मू, जितेंद्र पंडित, प्रमोद भगत, शंकर मंडल सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।
