द फॉलोअप डेस्क
गढ़वा जिले के मेराल थाना क्षेत्र के बाना गांव में सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई. इस हादसे में 2 लोग घायल भी हो गए. दिन के लगभग 11 बजे यह घटना घटी. मृतक की पहचान बाना गांव के दुनुखाड़ टोला निवासी विकास चौधरी के रूप में हुई है. वहीं, गेरुआ गांव के उरिया टोला निवासी सोमारू चौधरी और कुदूर चौधरी इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
परिजनों के अनुसार, तीनों युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर मेराल गए थे. वापस लौटते समय मेराल-डंडई मुख्य पथ पर बाना दुनुखाड़ के पास उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर एक पीपल के पेड़ से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि विकास चौधरी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य दो गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना की सूचना मिलते ही मेराल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, गढ़वा भेज दिया. वहीं, घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है.
.jpg)