logo

पलामू : ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार दंपति गंभीर, 4 वर्षीय बच्ची की हुई मौत

ACCIDENT12.jpg

द फॉलोअप डेस्क
छतरपुर के सड़मा स्थित रॉयल इनफील्ड शोरूम के सामने बीती शाम एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, गलत दिशा से आ रहे ईंट लदे ट्रैक्टर (संख्या जेएच 03 एएफ 8160) ने सामने से आ रही बाइक (संख्या जेएच 03 एजी 4283) को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार चिरु पंचायत के पटखाही निवासी 33 वर्षीय अब्दुल्लाह अंसारी और उनकी पत्नी खुशनाज खातून गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी चार वर्षीय बेटी रौशनी परवीन की मौके पर ही मौत हो गई। दो वर्षीय बेटी अनाया परवीन इस हादसे में बाल-बाल बच गई।
दुर्घटना के समय हुसैनाबाद के एसडीएम अपने वाहन से डालटनगंज जा रहे थे। उन्होंने मानवता का परिचय देते हुए घायल दंपति को अपनी गाड़ी से अनुमंडलीय अस्पताल छतरपुर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने रौशनी को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल अब्दुल्लाह और उनकी पत्नी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एमएमसीएच मेदिनीनगर रेफर कर दिया गया।
परिजनों ने बताया कि अब्दुल्लाह अपनी पत्नी के मायके चेगौना गांव से बाइक पर सवार होकर पटखाही स्थित अपने घर लौट रहे थे। जब वे रॉयल इनफील्ड शोरूम के सामने सर्विस रोड की ओर बढ़ रहे थे, तभी छतरपुर की दिशा से गलत लेन में आ रहे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी और तीनों को कुचल दिया। सौभाग्य से अनाया सड़क पर थोड़ी दूर गिर गई, जिससे उसे खरोंच तक नहीं आई।
घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने नेशनल हाईवे-139 को जाम कर दिया। हालांकि, प्रशासन की पहल से कुछ ही देर में जाम हटा लिया गया और यातायात बहाल हो गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर थाना परिसर में रखा है। इस बीच ट्रैक्टर मालिक और घायल अब्दुल्लाह के परिजनों के बीच समझौते की बात चल रही है।


 

Tags - latest jharkhand newsmontha in Palamu Palamu news Updates latest Palamu news Palamu news updates latest jharkhand News jharkhand News Updates Jharkhand Updates in hindi latest updates in jharkhand