नंदलाल तुरी
पाकुड़ में लगातार बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं पर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिले में हो रही चोरी की श्रृंखला को तोड़ने के लिए पुलिस कई दिनों से सुराग खोज रही थी। तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर बनाई गई विशेष अनुसंधान दल (SIT) ने छापेमारी कर 12 चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गौरतलब है कि 7 नवंबर को नगर थाना क्षेत्र में बाइक चोरी की एक घटना दर्ज की गई थी, जिसके आधार पर नगर थाना कांड संख्या–281/2025 के तहत जांच चल रही थी। बढ़ते मामलों को देखते हुए पुलिस ने SIT का गठन किया था। SIT ने तकनीकी इनपुट और गुप्त सूचना की मदद से तीनों आरोपियों को पकड़ा। उनकी निशानदेही पर चोरी हुई बाइक के अलावा अन्य 11 मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं। कुल 12 बाइक की बरामदगी पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। बरामद अन्य मोटरसाइकिलों का सत्यापन अभी चल रहा है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
एसपी पाकुड़, निधि द्विवेदी ने अपने कार्यालय में प्रेस वार्ता कर पूरी कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर रोक लगाना पुलिस की प्राथमिकता है और इसके लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने साफ किया कि चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
गिरफ्तार आरोपियों में रमजान अंसारी, अब्दुल सुभान अंसारी और लतीफ अंसारी, तीनों पाकुड़ जिले के रहने वाले हैं। तीनों ने बाइक चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। रमजान अंसारी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बबलु कुमार, मदन शर्मा, विनय कुमार, अभिषेक कुमार, बलवंत दुबे, जेना बालमुचु सहित नगर, अमड़ापाड़ा और लिट्टीपाड़ा थाना की पुलिस टीम और सशस्त्र बल शामिल थे।
.jpeg)