द फॉलोअप डेस्क
गढ़वा जिले को बड़ी सौगात मिली है। रंका अनुमंडल मुख्यालय के लोहवा पुल स्थित जैव विविधता उद्यान (नक्षत्र वन) का उद्घाटन स्थानीय विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी, वन संरक्षक पदाधिकारी प्रवेश अग्रवाल, डीएफओ एबिन बेनी अब्राहम और प्रमुख लिलावती देवी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर और फीता काटकर किया।
उद्घाटन के अवसर पर गढ़वा विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने कहा कि रंका में जैव विविधता उद्यान बनने से रंका अनुमंडल और गढ़वा जिले की सुंदरता में काफी बढ़ोतरी हुई है। लोग यहां आकर प्रकृति के बीच बैठकर जैव विविधता का आनंद ले सकेंगे। उन्होंने कहा कि उद्यान बनने से यह झारखंड राज्य और गढ़वा जिले की शान बन गया है। विधायक ने पर्यावरण संरक्षण पर भी जोर देते हुए कहा कि प्रकृति के साथ छेड़छाड़ से पर्यावरण को नुकसान होता है, जिससे पृथ्वी पर मानव जीवन भी प्रभावित हो सकता है। उन्होंने सभी से अपील की कि उद्यान को स्वच्छ और सुरक्षित रखने में सहयोग करें और पार्क के नियमों का पालन करें।
दक्षिणी वन प्रमंडल पदाधिकारी एबिन बेनी अब्राहम ने बताया कि उद्यान का निर्माण तीन चरणों में हुआ और अब तक लगभग 6 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि जैव विविधता उद्यान का उद्देश्य आम नागरिकों और बच्चों को प्रकृति के बीच बैठकर जीवन की विविधता को समझने और आराम करने का अवसर प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि उद्यान में औषधीय पौधे, बांस और अन्य जैविक तत्व लगाए गए हैं। साथ ही रंग-मंच, बाल वन, वन चेतना एवं विज्ञान केंद्र, संजीवनी, महुआ पोइट, लता मंडप और सनसेट पोइंट जैसे आकर्षण स्थल भी शामिल किए गए हैं। उद्यान में महान व्यक्तियों भगवान बिरसा मुंडा, सिद्धो-कान्हु, नीलांबर-पितांबर और भगवान गौतम बुद्ध की प्रतिमाएं भी स्थापित की गई हैं।
