logo

भाजपा का 12 सत्रीय प्रशिक्षन कार्यक्रम शुरु, प्रदेश अध्यक्ष साहु बोले- कार्यकर्ता ही असली ताकत

WhatsApp_Image_2026-05-17_at_2_19_32_PM.jpeg

जमशेदपुर
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जमशेदपुर महानगर के दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर का शनिवार को सोनारी स्थित चित्रगुप्त भवन सभागार में भव्य शुभारंभ हुआ। महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा की अध्यक्षता में आयोजित इस प्रशिक्षण वर्ग में 36 घंटे के दौरान 12 अलग-अलग सत्रों में कार्यकर्ताओं को संगठन, विचारधारा, बूथ प्रबंधन और केंद्र सरकार की योजनाओं सहित विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी, प्रदेश उपाध्यक्ष आभा महतो, प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, प्रदेश मंत्री सह वर्ग प्रभारी शैलेन्द्र सिंह, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू, प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले, महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा एवं अन्य नेताओं ने संयुक्त रूप से किया। नेताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर शिविर का शुभारंभ किया।गरीब कल्याण योजनाओं से आया व्यापक बदलाव
इस अवसर पर प्रशिक्षण स्थल पर भाजपा के इतिहास, जमशेदपुर के प्रमुख दर्शनीय स्थलों तथा केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगायी गयी। महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने प्रशिक्षण वर्ग की प्रस्तावना रखते हुए कार्यकर्ताओं से गंभीरता के साथ सभी विषयों की जानकारी लेने का आह्वान किया। उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग संगठन की रीति-नीति और विचारधारा को समझने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण का वाहक है और संगठन की असली ताकत कार्यकर्ताओं में निहित है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की गरीब कल्याण योजनाओं की चर्चा करते हुए कहा कि बीते साढ़े ग्यारह वर्षों में सरकार की योजनाओं से गरीब, किसान, महिला, युवा और श्रमिक वर्ग के जीवन में व्यापक बदलाव आया है।
मोदी सरकार की योजनाओं से करोड़ों जीवन में उजाला
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, हर घर जल, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, मुफ्त राशन योजना और सौभाग्य योजना जैसी योजनाओं का लाभ करोड़ों लोगों तक पहुंचा है। उन्होंने दावा किया कि 15.59 करोड़ ग्रामीण घरों तक नल का जल पहुंचाया गया है, 4 करोड़ आवास बनाये गये हैं तथा 2.86 करोड़ घरों तक बिजली पहुंची है। वहीं 55 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य सुरक्षा और 81 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। दूसरे सत्र में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने वैचारिक अधिष्ठान विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की विचारधारा भारतीय संस्कृति, राष्ट्रवाद और सेवा भाव पर आधारित है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ समाज सेवा और संगठन विस्तार में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।मतदाताओं से सतत संवाद और बूथ प्रबंधन का गुरुमंत्र
तीसरे सत्र में संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कार्यकर्ता विकास, दायित्व बोध और संगठनात्मक मजबूती पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता समाज के सुख-दुख में सहभागी बनकर सेवा और समर्पण का उदाहरण प्रस्तुत करता है। चौथे सत्र में सीमा शर्मा ने बूथ प्रबंधन, स्थायी कार्यक्रम और ‘मन की बात’ विषय पर प्रशिक्षण दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत बूथ स्तर का संगठन है और कार्यकर्ताओं को मतदाताओं से सतत संवाद बनाये रखना चाहिए।प्रवास और रचनात्मक कार्यक्रम ही पार्टी की पहचान 
पांचवें सत्र में भाजपा के राष्ट्रीय प्रशिक्षण विभाग के सदस्य राजकुमार फुलवरिया ने भाजपा की कार्यपद्धति पर प्रकाश डालते हुए संगठन संचालन, प्रशिक्षण, कार्यशाला, प्रवास और रचनात्मक कार्यक्रमों को पार्टी की विशेष पहचान बताया। छठे सत्र में प्रदेश महामंत्री अमर बाउरी ने देश के समक्ष चुनौतियां और उनके समाधान विषय पर संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रविरोधी ताकतें देश को अस्थिर करने का प्रयास कर रही हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आंतरिक सुरक्षा के क्षेत्र में लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने कहा कि नक्सल गतिविधियां भी लगातार कमजोर हुई हैं। सातवें सत्र में प्रदेश मंत्री शैलेन्द्र सिंह ने व्यवहारिक विषय पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया। प्रथम दिवस के अंत में सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। प्रशिक्षण वर्ग में पूर्व विधायक मेनका सरदार, मीरा मुंडा, पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां, पूर्व जिलाध्यक्ष गुंजन यादव, मिथिलेश सिंह यादव, कुलवंत सिंह बंटी, योगेश मल्होत्रा, जटाशंकर पांडेय, राजेश शुक्ला, रीता मिश्रा, कुसुम पूर्ति सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Tags - BJP Jamshedpur AdityaSahu JharkhandPolitics PoliticalNews