द फॉलोअप डेस्क
नगर निकाय चुनाव के नामांकन के अंतिम दिन जामताड़ा में राजनीतिक सरगर्मी चरम पर रही। जामताड़ा नगर पंचायत और मिहिजाम नगर परिषद से भाजपा समर्थित अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। इस दौरान दोनों जगहों पर समर्थकों की भारी भीड़ और उत्साह देखने को मिला। जामताड़ा नगर पंचायत की निवर्तमान अध्यक्ष रीना कुमारी ने अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया। नामांकन के बाद शहर में विशाल रैली निकाली गई। रैली चंचला मंदिर से शुरू होकर मुख्य बाजार, टावर चौक, सुभाष चौक, इंदिरा चौक सहित विभिन्न मार्गों से गुजरती हुई शहर का भ्रमण किया। रैली में पूर्व कृषि मंत्री रणधीर कुमार सिंह, पूर्व नगर अध्यक्ष वीरेंद्र मंडल सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता और शहरवासी शामिल हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया। रीना कुमारी ने कहा कि जामताड़ा नगर पंचायत में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं और जनता का भरपूर समर्थन उन्हें मिल रहा है। उन्होंने कहा कि हर गली और हर मोहल्ले में विकास पहुंचाने का प्रयास किया गया है। अगर जनता फिर से मौका देती है तो विकास की गति और तेज की जाएगी। उन्होंने दावा किया कि जामताड़ा नगर पंचायत विकास के मामले में झारखंड में अग्रणी स्थान रखता है। उन्होंने यह भी कहा कि उनके परिवार का सेवा का सिलसिला पहले से रहा है और वे पिछले आठ वर्षों से विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही हैं।
इस मौके पर पूर्व मंत्री रणधीर सिंह ने कहा कि भाजपा ने चुनाव आयोग से झारखंड में दलगत आधार पर चुनाव कराने की मांग की थी, लेकिन झामुमो, कांग्रेस और राजद भाजपा के शहरी जनाधार से घबराई हुई थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने दबाव में आकर पार्टी आधार पर चुनाव कराने का फैसला वापस लिया। उन्होंने यह भी कहा कि बैलेट पेपर से चुनाव कराए जाने से धांधली की आशंका बढ़ती है और भाजपा की मांग को नजरअंदाज किया गया है। हालांकि उन्होंने कहा कि चुनाव भले ही दलगत आधार पर नहीं हो रहा हो, भाजपा कार्यकर्ता पूरी एकजुटता से मैदान में हैं और पार्टी ने अपने समर्पित प्रत्याशियों को आशीर्वाद दिया है।
वहीं, मिहिजाम नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए निवर्तमान अध्यक्ष कमल गुप्ता की पत्नी जय श्री देवी ने नामांकन दाखिल किया। नामांकन के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। समर्थकों ने नारेबाजी कर उत्साह का प्रदर्शन किया। जय श्री देवी ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य मिहिजाम का समग्र विकास करना है। जो कार्य अधूरे रह गए हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास किया जाएगा। नामांकन के दौरान उमड़ी भीड़ से यह संकेत मिला कि मिहिजाम में इस बार मुकाबला रोचक होने वाला है। फिलहाल जामताड़ा और मिहिजाम दोनों जगह चुनावी माहौल पूरी तरह गर्म हो चुका है और सभी दल अपनी-अपनी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुट गए हैं। अब नजर आगामी मतदान और जनता के फैसले पर टिकी है।
.jpg)