द फॉलोअप डेस्क
भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को जनसंघ के संस्थापक और प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि को "बलिदान दिवस" के रूप में मनाया। प्रदेश के सभी बूथों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र और प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके विचारों को याद किया। प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने देवघर में डॉ मुखर्जी को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने देश की एकता और अखंडता के लिए अपनी जान न्योछावर कर दी। उन्होंने धारा 370 और कश्मीर को विशेष दर्जा देने का विरोध किया था और बिना परमिट कश्मीर में प्रवेश कर गिरफ्तारी दी थी।
भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ रविंद्र कुमार राय ने सरिया स्थित अपने आवास पर श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा है और डॉ मुखर्जी सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के प्रबल समर्थक थे। उन्होंने कहा कि भाजपा आज उनके सपनों के अनुरूप राष्ट्रवाद को मजबूत कर रही है। वहीं, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने प्रदेश कार्यालय में माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और कहा कि डॉ मुखर्जी एक कुशल संगठनकर्ता थे, जिनके लगाए संगठन का पौधा आज भाजपा के रूप में वटवृक्ष बन चुका है।
उन्होंने कहा कि आज भाजपा 14 करोड़ सदस्यों के साथ दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी डॉ मुखर्जी के सपनों को साकार कर रहे हैं। इस अवसर पर राकेश प्रसाद, हेमंत दास, सरोज सिंह, शिवपूजन पाठक, अरुण झा, सुनील साहू, अनिल सिंह सहित कई नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
