logo

रांची : पलामू गैं गरे प पर सियासत गरमाई, BJP नेता बोले- झारखंड के लोगों का सिर शर्म से झुक गया

a1522.jpg

रांची: 

पलामू जिला के सतबरवा थानाक्षेत्र में विवाहिता के साथ सामूहिक गैंगरेप मामले में सभी 6 आरोपियों की गिरफ्तारी हो गई है। जिले के पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार खुद सतबरवा थाना में कैंप कर रहे हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि एसपी ने ही की है। एक ओर जहां विवाहिता के साथ सामूहिक बलात्कार को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है वहीं मामले में सियासत भी शुरू हो गई है। प्रदेश में मुख्य विपक्षी पार्टी बीजेपी ने पलामू गैंगरेप मामले में हेमंत सरकार को कानून-व्यवस्था के मसले पर घेरा है। 

शर्म से झुक गया झारखंड के लोगों का सिर! 
बीजेपी विधायक दल के नेता और प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने अपने ऑफिशियल ट्विटर के माध्यम से राज्य की हेमंत सरकार पर तीखा निशाना साधा है। बाबूलाल मरांडी ने लिखा है कि "पलामू में पति के सामने महिला से छह लोगों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म की घटना से झारखण्ड के लोगों का सिर शर्म से एक बार फिर झुक गया है। भ्रष्ट हेमंत सरकार की एक हज़ार दिन के विनाशकारी उपलब्धि में एक यह मामला भी जुड़ जायेगा। गौरतलब है कि इससे पहले भी महिला अपराध को लेकर बाबूलाल मरांडी ने झारखंड सरकार पर हमला बोला था। कहा था कि अपराधियों पर काबू पाने में सरकार विफल रही है।" 

 

पूरे झारखंड को शर्मसार करने वाली है घटना!
झारखंड बीजेपी अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने भी पलामू गैंगरेप मामले में राज्य की हेमंत सरकार की आलोचना की है। दीपक प्रकाश ने अपने ऑफिशियल ट्विटर पर लिखा है कि "पलामू में पति के सामने महिला से छह लोगों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म की घटना पूरे झारखंड को शर्मसार करने वाला है। भ्रष्ट हेमंत सरकार सिर्फ राज्य को लूटने में मस्त हैं, मुख्यमंत्री सिर्फ अखबारों में बड़ी-बड़ी डींगे हांकने में व्यस्त हैं। राज्य सरकार अविलंब अपराधियों को गिरफ्तार करे।"

 

राज्य में बलात्कारियों की हिम्मत बढ़ गई है! 
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास ने भी पलामू गैंगरेप को लेकर हेमंत सरकार को कठघरे में खड़ा किया है। रघुवर दास ने अपने ऑफिशियल ट्विटर पर लिखा है कि "हेमंत सरकार के शासन में बलात्कारियों की हिम्मत काफी बढ़ गई है। झारखंड में हर दिन महिलाओं की आबरू लूटी जा रही है और हेमंत सरकार अपने गाल बजाने में व्यस्त है। इस बेशर्म और बेपरवाह सरकार को जनता सबक सिखाएगी।"

 

पलामू के सतबरवा में विवाहिता से सामूहिक दुष्कर्म!
मामला दरअसल, शनिवार देर रात का है। पलामू जिला के सतबरवा इलाके में 6 अपराधियों ने एक विवाहिता को अगवा कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। यही नहीं, अपराधियों ने पीड़िता के पति और उसके एक रिश्तेदार के साथ मारपीट भी की। उनकी बाइक और मोबाइल भी छीन लिया। 6 में से 2 आरोपियों को ग्रामीणों ने घटना के तुरंत बाद ही पकड़ लिया था। बाकी 4 अपराधियों को पुलिस ने बाद में गिरफ्तार किया। उनको जेल भेजने की तैयारी हो रही है।