logo

बाबूलाल सोरेन की AI फोटो वायरल करने के खिलाफ भाजपा ने चुनाव आयोग से की कार्रवाई की मांग

er686e4.jpg

द फॉलोअप डेस्क
घाटशिला उपचुनाव में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के दुरुपयोग का मामला सामने आया है। इस संबंध में भाजपा की ओर से इलेक्शन एजेंट ने निर्वाची पदाधिकारी (अनुमंडल पदाधिकारी, घाटशिला) को पत्र लिखकर आपत्ति दर्ज की है और कार्रवाई की मांग की है। पत्र में कहा गया है कि भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन की छवि को नुकसान पहुंचाने के लिए झामुमो कार्यकर्ताओं द्वारा AI का अवैध प्रयोग किया जा रहा है। आरोप है कि इस माध्यम से मतदाताओं के विचार और विश्वास को प्रभावित करने तथा प्रत्याशी की सामाजिक और राजनीतिक छवि को अनैतिक रूप से खराब करने का प्रयास किया गया है।
भाजपा की शिकायत के अनुसार, फेसबुक पर साझा किए गए पोस्ट में कहीं भी यह उल्लेख नहीं है कि वह एक AI-जनित (AI-generated) फोटो है, जो चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित नियमों का उल्लंघन है। इसी बीच, जिला प्रशासन के मीडिया कोषांग ने भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का हवाला देते हुए AI के उपयोग से संबंधित एक प्रेस रिलीज़ जारी की है। इसमें कहा गया है कि प्रचार-प्रसार में किसी भी AI-जनित या डिजिटल रूप से परिवर्तित तस्वीर, ऑडियो या वीडियो का उपयोग करते समय स्पष्ट रूप से "AI-Generated" या "Synthetic Content" लिखना अनिवार्य है।

यह घोषणा दृश्य सामग्री में कम से कम 10% हिस्से में स्पष्ट रूप से दिखाई देनी चाहिए। वहीं ऑडियो सामग्री के मामले में यह घोषणा प्रारंभिक 10% हिस्से में बोली जानी चाहिए। निर्देशों के अनुसार, ऐसी सामग्री में निर्माता या जिम्मेदार संस्था का नाम बताना भी आवश्यक है। किसी व्यक्ति की पहचान, आवाज़ या रूप को भ्रामक तरीके से प्रस्तुत करने पर पूर्ण प्रतिबंध है। इसके अलावा, यदि किसी आधिकारिक हैंडल पर नियमों का उल्लंघन करने वाली या आपत्तिजनक सामग्री पाई जाती है, तो उसे तीन घंटे के भीतर हटाना अनिवार्य है।
निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत राजनीतिक दलों को सभी AI-जनित सामग्रियों का रिकॉर्ड सुरक्षित रखना होगा, जिसमें निर्माता का विवरण और टाइम स्टैम्प शामिल रहेगा, ताकि आवश्यक होने पर सत्यापन किया जा सके। साथ ही, किसी भी प्रचार सामग्री को प्रसारित करने से पहले एमसीएमसी कोषांग से प्रमाणीकरण कराना भी अनिवार्य है।

 

Tags - Latest Jharkhand News Jharkhand News Updates latest updates Jharkhand Jharkhand News updates Babulal Soren AI Video News Babulal Soren AI Video News in Hindi latest Babulal Soren AI Video News Babulal Soren AI Video News in hindi Babulal Soren AI