logo

चतरा : भाजपा को लोकतंत्र और लोकशाही पर भरोसा नहीं, चुनी हुई सरकार को अपदस्थ करने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का हो रहा दुरुपयोग- कांग्रेस

congress_900.jpg
द फॉलोअप डेस्क

राहुल गांधी के नेतृत्व में तकरीबन दो महीने पहले ये भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत कन्याकुमारी में हुई थी। अब तकरीबन 2,000 किलोमीटर का सफर तय कर के तमिलनाडु केरल आंध्र प्रदेश तेलंगाना महाराष्ट्र होते हुए मध्यप्रदेश पहुंच चुकी है। भारत जोड़ो यात्रा में लाखों लोग, कदम से कदम मिलाकर साथ चल रहे हैं। ये बातें झारखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने चतरा में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कही। दरअसल झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के तत्वाधान में भारत जोड़ो यात्रा के जिलावार आयोजन के चौथे चरण में गुरुवार को यात्रा संयोजक सह पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, स्वास्थ्य मंत्री बनना गुप्ता, कार्यकारी अध्यक्ष शहजादा अनवर, पूर्व मंत्री योगेन्द्र साव की उपस्थिति में चतरा सर्किट हाउस के समीप से जतराही बाघ में स्वतंत्रता सेनानीयों और बाबा साहब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर भारत जोड़ो यात्रा नगर भवन पहुंची।

महंगाई, बेरोजगारी विरोध में जनता के साथ सड़क पर

प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि यह यात्रा बिरसा मुंडा के जन्मस्थल उलिहातु से चलकर चतरा पहुंची है।  भारत जोड़ो यात्रा को देश के लोगों ने, किसानों ने, मजदूरों ने, युवाओं ने, माताओं ने, बहनों ने कितनी शक्ति दी है। झारखंड में भी हर जिले से लेकर प्रखंडों पंचायत और बूथ स्तर पर भाजपा के द्वारा देश में राजनीतिक स्वार्थपूर्ति के लिए नफरत की राजनीति को जो बढ़ावा दिया जा रहा है। महंगाई बेरोजगारी किसानों की समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है। उसके विरोध में जनता के साथ सड़कों पर हैं।  उन्होंने कहा कि आज भाजपा को लोकतंत्र और लोकशाही पर भरोसा नहीं रह गया है, इसलिए गैर भाजपा शासित राज्यों में चुनी हुई सरकारों को अपदस्थ करने के लिए केंद्रीय एजेंसी और संवैधानिक संस्थाओं का भी दुरुपयोग हो रहा है। झारखंड भी इससे अछूता नहीं है।

नोटबंदी से छोटे व्यापारी का हाल बुरा

भारत जोड़ो यात्रा के राज्य संयोजक पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नोटबंदी लागू की थी, जिसमें उन्होंने 500 और 1,000 रुपए का नोट को रद्द कर दिया। लेकिन, आज आप किसी भी छोटे व्यापारी से पूछिए वो किस हाल में हैं। बिजनेस बंद हो रहा है। साथ ही गलत जीएसटी लागू करके, 5 अलग-अलग जीएसटी, 28 प्रतिशत तक टैक्स लागू करके जो पहले बच गए थे, उनको भी बर्बाद कर दिया l

जनता, किसानों, और मजदूरों की बात सुनो

मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि जब सत्ता निरंकुश हो जाती है तो एक ही रास्ता बचता है, सड़क पर उतरो, जनता से गले लगो, किसानों की बात सुनो, मजदूरों की बात सुनो, छोटे व्यापारियों की बात सुनो और उनसे सीधा जाकर जुड़ जाओ। उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान नफरत का देश नहीं है, हिंसा का देश नहीं है। हमें विभाजनकारी शक्तियों से लड़ना होगा। कार्यक्रम को कार्यकारी अध्यक्ष शहजादा अनवर, पूर्व मंत्री योगेंद्र साव और जिला अध्यक्ष प्रमोद दुबे ने भी संबोधित कियाl शुक्रवार को कोडरमा में भारत जोड़ो यात्रा अयोजित होगी।