द फॉलोअप, रांची
राज्यसभा चुनाव को लेकर तेजी बदलते परिदृश्य में आज शाम प्रदेश भाजपा मुख्यालय में विधायकों की बैठक हुई। इस बैठक में लगभग एक दर्जन विधायक शामिल हुए। उनसे राज्यसभा प्रत्याशी के प्रस्तावक फॉर्म पर हस्ताक्षर कराया गया। लेकिन इन विधायकों को नहीं बताया गया कि उम्मीदवार कौन होगा। बैठक से निकलने के बाद विधायकों ने यह कह कर पल्ला झाड़ लिया कि पार्टी हाईकमान प्रत्याशी का नाम तय करेगा। कल पता चल जाएगा।

हालांकि विधायकों को निर्देश दिया गया है कि वह समय से 11 बजे विधानसभा पहुंच जाएं। पार्टी के प्रत्याशी या समर्थित उम्मीदवार नामांकन करेंगे। उस नामांकन में सभी विधायकों को शामिल रहना आवश्यक है। दिलचस्प रूप से इस बैठक में भाजपा प्रत्याशी के बतौर पर्चा खरीदनेवाले गौरव वल्लभ भी उपस्थित थे। बावजूद किसी ने यह भी दावा नहीं किया कि गौरव वल्लभ ही पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी होंगे। अंदर खाने की चर्चा यही थी कि परिमल नाथवानी भाजपा समर्थित उम्मीदवार होंगे। वह थोड़ी देर में रांची पहुंचने भी वाले हैं।
