logo

Budget Session 2022 : सहारा में फंसा है झारखंड के 3 लाख लोगों का पैसा, इसे वापस दिलवाइए: नवीन जायसवाल

yogi66.jpg

रांची: 

विधायक नवीन जयसवाल ने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के माध्यम से सहारा परिवार में झारखंड के लोगों का पैसा फंसा होने का मामला उठाया। उन्होनें कहा कि सहारा परिवार में झारखंड के 3 लाख लोगों का लगभग 2500 करोड़ रुपया फंसा हुआ है। यह पैसा  गरीबों का है जो अपने दैनिक कमाई से 10 रुपया 20 रुपया कर जमा किये हैं।

मामला पूरे झारखंड का है
नवीन जायसवाल ने कहा कि मेरे पास कई लोग आते हैं और बताते हैं कि किस तरह उन्होनें अपना पेट काटकर सहारा में इस आशा के साथ पैसा जमा किया है। उम्मीद थी कि पैसा भविष्य में उनके काम आएगा। सहारा परिवार द्वारा पैसा वापस नहीं किया जा रहा है। कहा की यह मामला सिर्फ हटिया विधानसभा का नहीं है पूरे झारखंड का है।

कितने लोगों का पैसा वापस हुआ
जवाब में वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव ने कहा कि अब यह मामला सेबी और सर्वोच्च न्यायालय में है। सर्वोच्च न्यायालय के आदेश पर सेबी में सहारा का 34 हजार करोड़ जमा है। सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के बाद बांड धारकों को राशि वापस की जाएगी। इस बीच सेबी से राज्य सरकार ने 3 बार पत्राचार किया है। वहां जवाब मिला है कि अब तक 17526 लोगों का लगभग 138 करोड़ रुपया वापस किया गया है। विधायक नवीन जैसवाल ने कहा कि सरकार एक हेल्पलाइन जारी करे।