द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के सोनारी मौनी बाबा मंदिर के समीप ब्लिंकिट का संचालन स्थानीय निवासियों के लिए लगातार परेशानी का कारण बनता जा रहा है। सड़क जाम और दुर्घटनाएं यहां आम बात हो गयी हैं। पूर्व में भाजपा सोनारी मंडल अध्यक्ष प्रशांत पोद्दार के नेतृत्व में सोनारी क्षेत्र के पदाधिकारियों ने नवनियुक्त थाना प्रभारी मधुसूदन दे से मुलाकात कर इस विषय पर अवगत कराया था और ब्लिंकिट को स्थानांतरित करने की मांग रखी थी। थाना प्रभारी द्वारा यह कहा गया था कि ब्लिंकिट के माध्यम से कई लोगों का रोजगार चल रहा है, इसलिए इसे स्थानांतरित करना संभव नहीं है, किंतु संचालक से वार्ता कर बीच का रास्ता निकाला जायेगा।
कल बाइक लगाने को लेकर ब्लिंकिट और स्थानीय निवासियों के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई, जो देखते-देखते पथराव तक पहुंच गयी। प्रशासन द्वारा अतिरिक्त सुरक्षा बल बुलाकर स्थिति को शांत करने का प्रयास किया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद भाजपा जिला मीडिया सह प्रभारी अखिलेश सिंह द्वारा थाना प्रभारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया ताकि प्रशासन दोनों पक्षों के साथ वार्ता कर समाधान निकाल सके, किंतु उनकी ओर से कोई जवाब प्राप्त नहीं हुआ।
अखिलेश सिंह ने जिला प्रशासन से मांग की है कि घटना को गंभीरता से लेते हुए ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कार्रवाई की जाए। साथ ही ऐसा समाधान निकाला जाए जिससे स्थानीय निवासियों और ब्लिंकिट संचालकों दोनों को कोई समस्या न हो।
