logo

अटल मोहल्ला क्लिनिक का नाम बदलने पर भाजपा ने किया विरोध, कहा- सरकार विवाद खड़ा कर रही

AJAY_SHAH.jpg

द फॉलोअप डेस्क
भारतीय जनता पार्टी ने अटल मोहल्ला क्लिनिक का नाम बदलकर “मदर टेरेसा एडवांस हेल्थ क्लिनिक” रखने के राज्य सरकार के निर्णय का विरोध किया है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अजय साह ने इस निर्णय को तुच्छ मानसिकता और विकृत राजनीतिक सोच का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि जब भी झारखंड में विकास की दिशा में कोई सकारात्मक पहल होती है, झामुमो सरकार उसे नकारात्मक विवादों में बदलने का प्रयास करती है।
उन्होंने आगे कहा,"आयुष्मान भारत और अटल मोहल्ला क्लिनिक जैसी योजनाएं भाजपा की क्रांतिकारी सोच की देन है, जिन्होंने गरीबों और आम लोगों के स्वास्थ्य अधिकारों को सशक्त किया। लेकिन राज्य सरकार इन योजनाओं को अपने राजनीतिक एजेंडे के लिए अपमानित और विकृत कर रही है। श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी झारखंड राज्य के निर्माता रहे हैं, और उनका नाम झारखंड के जन-जन की स्मृतियों से जुड़ा है। अटल जी का नाम हटाकर राजनीतिक उद्देश्यों की पूर्ति करना केवल एक भारतरत्न का नहीं, बल्कि पूरे झारखंड की आत्मा का अपमान है।"
अजय साह ने सरकार को सुझाव दिया कि यदि वह कोई नई स्वास्थ्य योजना शुरू करना चाहती है तो उसमें नए नामकरण की पूरी स्वतंत्रता है, लेकिन पहले से स्थापित और लोकप्रिय योजनाओं का नाम बदलकर राजनीतिक प्रतिस्पर्धा करना ओछी और दुर्भाग्यपूर्ण प्रवृत्ति है। उन्होंने डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय का उदाहरण देते हुए कहा कि यह कोई पहला मौका नहीं है जब राज्य सरकार ने महान राष्ट्र नायकों का अपमान करने की कोशिश की हो।

उन्होंने अंत में कहा, "राज्य सरकार की राजनीति का मूल उद्देश्य जनहित नहीं, बल्कि जन भावनाओं को आहत कर जनता का ध्यान भटकाना है। घोटालों में घिरी सरकार की यह एक सोची-समझी रणनीति है, जो जनमुद्दों से भागने के लिए रोज़ नए विवाद पैदा कर रही है।"



 

Tags - Latest news latest jharkhand News jharkhand Updates latest Jharkhand NewsAtal Mohalla Clinic will be mother teresa advance Clinic jharkhand Politics jharkhand politics latest Cabinet meeting news jharkhand Cabinet Meeting news