द फॉलोअप डेस्क
झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन भाजपा के विधायक विधानसभा परिसर में बैनर और पोस्टर लेकर प्रदर्शन पर उतर आए। विधायकों ने JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित घोटाले का आरोप लगाते हुए राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कई विधायकों के हाथों में "भर्ती के सौदागर हेमंत इस्तीफा दो", "नौकरी के मंडी बंद करो" और "दोषियों पर कार्रवाई करनी होगी" जैसे पोस्टर दिखाई दिए। भाजपा ने JPSC की CBI जांच, JSSC CGL परीक्षा रद्द करने और भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई।

सरकारी नौकरियों में अनियमितता का आरोप
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य में सरकारी नौकरियों में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुई हैं और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया है। उन्होंने कहा कि रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्र कई दिनों से आंदोलन कर रहे हैं और सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। भाजपा ने चेतावनी दी कि मानसून सत्र के दौरान वह सदन के भीतर और बाहर इस मुद्दे को लगातार उठाकर सरकार से जवाब मांगेगी।