द फॉलोअप डेस्क
भाजपा रांची महानगर कार्यालय में आज महानगर अध्यक्ष वरुण साहू की अध्यक्षता में रांची नगर निगम की नवनिर्वाचित महापौर रौशनी खलखो को लेकर भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया साथ ही रांची नगर निगम के नवनिर्वाचित पार्षद नकुल तिर्की, सविता कच्छप, बसंती लकड़ा, गीता कुमारी, सुनील यादव, प्रदीप अग्रवाल, रश्मि चौधरी, नीरज कुमार, संजय सिंह, अजीत कच्छप, नीलम चौधरी, ममता देवी, अंजू देवी, परमजीत सिंह टिंकू का भी भव्य स्वागत किया गया। सम्मान समारोह में मुख्य रूप से रांची विधायक सी.पी. सिंह, हटिया विधायक नवीन जायसवाल, सत्यनारायण सिंह, बलराम सिंह, जितेन्द्र वर्मा, रमेश सिंह, राजू सिंह सहित महानगर के सभी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इस अवसर पर स्वागत समारोह में सभी समर्थकों ओर कार्यकर्ता को धन्यवाद देते हुए रोशनी खलको ने कहा कि अंतिम पंक्ति से उठा कर मेयर के पद पर बिठाने का सारा श्रेय रांची की महान जनता और समर्थकों का है। वहीं इस कार्यक्रम में रांची विधायक सी.पी. सिंह भी शामिल हुए जहां उन्होंने कहा कि रांची को चमकाने का काम अब रोशनी के कंधों पर है, निश्चित रूप से रांची को इंदौर से आगे निकलने में रोशनी कामयाब होंगी।

इस अवसर पर स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए हटिया विधायक नवीन जायसवाल ने भी कहा कि रोशनी खलको जनता के हर सुख-दुख की साथी रही हैं। कोरोना के समय इनका स्कूटी ही एंबुलेंस था, मेयर बनकर भी रोशनी खलखो आपकी स्कूटी वाली दीदी ही रहेंगी। समारोह की अध्यक्षता करते हुए महानगर अध्यक्ष वरुण साहू ने कहा कि यह सम्मान समारोह केवल एक व्यक्तित्व का अभिनंदन नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के परिश्रम, समर्पण और रांची की जनता के अटूट विश्वास का उत्सव है।