logo

BJP प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू ने CM हेमंत पर साधा निशाना, कहा- व्यापारियों से मांगे माफी

jhgviuehguieg.jpg

द फॉलोअप डेस्क
घाटशिला स्थित भाजपा चुनावी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा व्यापारियों के खिलाफ दिया गया आपत्तिजनक बयान अत्यंत निंदनीय और अपमानजनक है। साहू ने कहा, “हेमंत सोरेन जी को किसने यह अधिकार दिया है कि वे झारखंड के मेहनती, ईमानदार और समाजसेवी व्यापारियों को बार-बार गालियां दें और उनका अपमान करें? उनका यह बयान, ‘व्यापारी पहले पैर पकड़ते हैं और बाद में गर्दन पकड़ते हैं’  पूरे व्यापारी समाज का अपमान है।”
आदित्य साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह वक्तव्य सत्ता के अहंकार को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि झारखंड का व्यापारी वर्ग हमेशा समाज की सेवा में अग्रणी रहा है, चाहे कोरोना काल की कठिन परिस्थितियाँ रही हों या आर्थिक चुनौतियाँ। जब सरकार निष्क्रिय थी, तब व्यापारियों ने गरीबों तक राशन, दवा, मास्क और छाता तक पहुंचाया। ऐसे सेवा भावी वर्ग के प्रति इस तरह की भाषा का प्रयोग बेहद शर्मनाक है।
साहू ने मांग की कि मुख्यमंत्री तुरंत व्यापारी समाज से माफी मांगें, अन्यथा झारखंड का व्यापारी वर्ग सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान झारखंड सरकार में बालू, कोयला, लोहा और जमीन की खुली लूट मची हुई है। उन्होंने कहा, “500 रुपये का बालू 5000 रुपये में बिक रहा है और यह सब माफियाओं के संरक्षण में हो रहा है। हेमंत सोरेन के संरक्षण में बालू-कोयला और जमीन की चोरी का कारोबार फल-फूल रहा है। प्रशासन और पुलिस की मिलीभगत से आदिवासी-मूलवासी की जमीनें लूटी जा रही हैं।”
आदित्य साहू ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मंत्र के साथ देश के हर वर्ग के विकास के लिए काम कर रहे हैं, जबकि हेमंत सोरेन समाज को बांटने और मेहनतकश वर्ग का अपमान करने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड में व्यापारी वर्ग आज असुरक्षित महसूस कर रहा है। रंगदारी, धमकी और वसूली जैसे अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, और यह सब मुख्यमंत्री की शह पर हो रहा है।
भाजपा पर व्यापारी वर्ग की पार्टी होने का आरोप हास्यास्पद बताते हुए उन्होंने कहा कि व्यापारी समाज वही वर्ग है जो रोजगार सृजन से लेकर गरीबों की मदद तक हर स्तर पर समाज को आगे बढ़ाता है। चंपई सोरेन की तुलना में हेमंत सोरेन को कमजोर और असंवेदनशील बताते हुए साहू ने कहा कि “चंपई सोरेन ने जनता की सेवा की, जबकि हेमंत सोरेन ने कुर्सी के लिए अपने ही साथी का अपमान किया। आज वे माफियाओं के बीच बैठकों में व्यस्त हैं और जनता से दूर हैं।” उन्होंने कहा कि भाजपा जनता और व्यापारी वर्ग के साथ खड़ी है और झारखंड में माफियातंत्र की सरकार के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ेगी। प्रेस वार्ता में शिवचरण अग्रवाल, संजय अग्रवाल, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अशोक बड़ाईक, जिला मंत्री राहुल पांडेय और मीडिया इंचार्ज सुजन मन्ना उपस्थित थे।



 

Tags - latest Jharkhand News Jharkhand News Updates latest Aditya Sahu on hemant Soren news Aditya Sahu on hemant Soren News Updates latest Aditya Sahu on hemant Soren news Updates Aditya Sahu on hemant Soren news in hindi Aditya Sahu on hemant Soren News