logo

मुलाकात : झारखंड में सियासी हलचल के बीच अमित शाह और और जेपी नड्डा से मिले दीपक प्रकाश 

deepak45.jpg

रांची:

झारखंड में जारी सियासी हलचल के बीच राजधानी दिल्ली में राज्यसभा सांसद सह प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष दीपक प्रकाश और प्रभारी दिलीप सैकिया ने गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। मिली जानकारी के मुताबिक इस मुलाकात में दीपक प्रकाश और दिलीप सैकिया ने गृहमंत्री के साथ झारखंड के राजनीतिक हालात तथा विधि व्यवस्था की स्थिति पर विस्तृत चर्चा की।

 

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मुलाकात
दीपक प्रकाश और दिलीप सैकिया गृहमंत्री अमित शाह के अलावा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मिले। जेपी नड्डा से मुलाकात कर प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश और प्रदेश प्रभारी दिलीप सैकिया ने संगठनात्मक विषयों पर गंभीर चर्चा की। झारखंड में महागठबंधन में शामिल पार्टियों, झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस के बीच जारी मनमुटाव और गतिरोध के बीच उपरोक्त मुलाकात को काफी अहम माना जा रहा है। राज्य में कुछ समय बाद राज्यसभा का चुनाव होना है। इस पर भी चर्चा होने की संभावना है। 

झारखंड में झामुमो-कांग्रेस अनबन के बीच चर्चा तेज
गौरतलब है कि बीते काफी समय से झारखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस के रिश्तों को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि महागठबंधन में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा। कहा जाता है कि कांग्रेस, सरकार में खुद को उपेक्षित महसूस करने लगी है। चिंतन शिविर के दौरान दीपिका पांडेय सिंह और बन्ना गुप्ता के बयानों से ये जाहिर भी हो चुका है। 

क्या झारखंड में सत्ता परिवर्तन का इरादा रखती है बीजेपी! 
हाल ही में जब दिल्ली में कांग्रेस आलाकमान ने झारखंड कांग्रेस के नेताओं, विधायकों और मंत्रियों को तलब किया था को अनबन की खबरों को और हवा मिली थी। यही नहीं, झारखंड कांग्रेस के नए प्रभारी अविनाश पांडे ने तो यहां तक कह दिया था कि यदि सीएम हेमंत सोरेन को लगता है कि वो गठबंधन का चेहरा हैं और अकेले सरकार चला लेंगे तो भ्रम में हैं। अविनाश पांडेय ने ये भी कहा था कि, ये बात किसी से छिपी नहीं है कि झारखंड में भारतीय जनता पार्टी सत्ता परिवर्तन की कोशिश में लगी है।