logo

BJP को लोकसभा चुनावों में मिली बढ़त का फायदा मिलेगा- शुभेंदु अधिकारी

BJP को लोकसभा चुनावों में मिली बढ़त का फायदा मिलेगा- शुभेंदु अधिकारी

बलियापुर/चंदनकियारी  
पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष, शुभेंदु अधिकारी ने बलियापुर और चंदनकियारी में आयोजित परिवर्तन सभा को संबोधित करते हुए कहा कि परिवर्तन यात्रा के माध्यम से झारखंड के हर कोने में जाकर जनता को जागरूक किया जा रहा है। इससे राज्य में भारतीय संस्कृति, जनजातीय मूलवासी संस्कृति और सनातन धर्म की रक्षा करने वाली सरकार स्थापित की जा सके। वर्तमान में इंडी गठबंधन की सरकार झारखंड में हमारी सांस्कृतिक धरोहर को समाप्त करने और तुष्टीकरण की राजनीति करने में जुटी हुई है।  अधिकारी ने आगे कहा कि बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की गलत नीतियों के कारण बांग्लादेशी रोहिंग्या देश में घुसपैठ कर रहे हैं और झारखंड में भी डेमोग्राफी चेंज हो रहा है। यह इंडी गठबंधन की भ्रष्टाचारी सरकार की देन है, जो बेहद चिंताजनक है। 

उन्होंने कहा कि झारखंड की वर्तमान राज्य सरकार ने अपने किसी भी वादे को पूरा नहीं किया है। हेमंत सरकार ने 5 लाख नौकरियां देने का वादा किया था, परंतु उसे पूरा नहीं किया। हर गरीब परिवार को 72 हजार रुपये और चूल्हा खर्च के लिए 2000 रुपये देने का वादा भी अधूरा रह गया। अब जब सरकार को अहसास हो गया है कि वह जाने वाली है, तो 1000 रुपये देने की घोषणा कर रही है।  अधिकारी ने कहा कि झारखंड में BJP की लोकसभा चुनावों में बढ़त थी और इस विधानसभा चुनाव में BJP और भी अधिक सीटों पर जीत दर्ज करेगी। इंडी गठबंधन की सरकार ने अपने संकल्प पत्र के एक भी वादे को पूरा नहीं किया है। सिंदरी जैसे औद्योगिक क्षेत्रों में इंडस्ट्रीज बंद कर दी गई हैं। 

उन्होंने कहा कि BJP की सरकार बनने पर सिंदरी में फिर से उद्योग स्थापित किए जाएंगे और राज्य में युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। BJP ही झारखंड में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं, सड़कों और सेतु निर्माण का कार्य कर सकती है। बंगाल और झारखंड के BJP कार्यकर्ता मिलकर इस भ्रष्टाचारी सरकार को उखाड़ फेंकने का कार्य करेंगे।


 

Tags - BJP Lok Sabha elections Shubhendu Adhikari Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand