logo

भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर भाजपा मनाएगी जनजाति गौरव दिवस: अशोक भगत

sfyjusryjsr.jpg

नंदलाल तुरी
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष और महगामा के पूर्व विधायक अशोक भगत ने गुरुवार को पाकुड़ स्थित भाजपा जिला कार्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष अमृत पांडेय, जिला महामंत्री रूपेश भगत, पूर्व जिलाध्यक्ष विवेकानंद तिवारी, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष दीपक साह, अजजा मोर्चा प्रदेश मंत्री अनिता मुर्मू, वरिष्ठ नेता विश्वनाथ भगत और सपन दुबे सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक भगत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जनजाति समाज के सर्वांगीण विकास, सम्मान और गौरव को बढ़ाने के लिए संकल्पित और समर्पित है। भाजपा संगठन और सरकारों ने हमेशा इस भावना को धरातल पर उतारने का कार्य किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती को राष्ट्रीय जनजाति गौरव दिवस घोषित किया है, जो इस बात का प्रमाण है कि झारखंड का जनजातीय समाज और उसकी संस्कृति प्रधानमंत्री के हृदय में विशेष स्थान रखती है। उन्होंने कहा कि यह गौरव दिवस केवल जनजातीय समाज का नहीं, बल्कि झारखंड की साढ़े तीन करोड़ जनता के सम्मान का प्रतीक है।
अशोक भगत ने आगे कहा कि भाजपा की सरकार झारखंड के अमर बलिदानी महापुरुषों और योद्धाओं की सोच के अनुरूप राज्य का विकास चाहती है। पार्टी जल, जंगल और जमीन की सुरक्षा के साथ भाषा, संस्कृति और परंपराओं के सम्मान के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने ही केंद्र में अलग आदिवासी मंत्रालय की स्थापना की थी और संथाली भाषा को भारतीय संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल किया था।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार आदिवासी समाज के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चला रही है। गरीब कल्याण योजनाओं का सबसे अधिक लाभ जनजातीय समुदाय को मिला है, जैसे प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, उज्जवला योजना और गरीब कल्याण अन्न योजना। इसके अलावा, जनजातीय गांवों के विकास के लिए मोदी सरकार ने पीएम जन मन योजना के तहत 24 हजार करोड़ रुपये की पहल शुरू की है। आदिवासी बच्चों की शिक्षा के लिए एकलव्य आवासीय विद्यालय योजना का विस्तार भी किया गया है।
अशोक भगत ने बताया कि मोदी सरकार ने झारखंड सहित देशभर के अनेक प्रतिभाशाली व्यक्तित्वों को पद्म सम्मान से सम्मानित किया है। भगवान बिरसा मुंडा के शहादत स्थल को भव्य संग्रहालय के रूप में विकसित किया गया है। साथ ही, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में एक द्वीप का नाम झारखंड के वीर सपूत शहीद अल्बर्ट एक्का के नाम पर रखा गया है। उन्होंने कहा कि झारखंड की पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू, जो अब देश की महामहिम राष्ट्रपति हैं, जनजातीय समाज की पहली महिला राष्ट्रपति बनकर पूरे झारखंड और आदिवासी समुदाय का गौरव बढ़ा रही हैं।
अशोक भगत ने बताया कि भाजपा प्रदेश भर में राष्ट्रीय जनजाति गौरव दिवस को उत्सव के रूप में मनाएगी। 14 और 15 नवंबर को पूरे प्रदेश में भगवान बिरसा मुंडा और अन्य जनजातीय महापुरुषों की प्रतिमाओं की सफाई की जाएगी तथा दीप जलाकर दीपोत्सव मनाया जाएगा। पाकुड़ जिले में शोभा यात्राएं और जनजातीय स्वाभिमान सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।


 

Tags - Latest Jharkhand News Jharkhand News Updates latest jharkhand News Latest Pakur News Pakur News updates latest Pakur news Pakur News Updates latest jharkhand news Jharkhand News updates jharkhand News updates latest jharkhand Updates Pakur news