द फॉलोअप डेस्क
उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देशानुसार आदि कर्मयोगी अभियान (Responsive Governance Programme) के अंतर्गत जिले के सभी प्रखंडों में दो दिवसीय ब्लॉक प्रोसेस लैब का आयोजन सम्पन्न हुआ। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विभिन्न स्तरों पर समन्वय को मजबूत करना और संस्थागत क्षमताओं का निर्माण करना है, जिससे शासन व्यवस्था अधिक प्रभावी और पारदर्शी बन सके।
जिला कल्याण विभाग के नेतृत्व में दो दिनों तक चले इस कार्यक्रम में बीडीओ, पंचायत प्रतिनिधि, प्रशासनिक पदाधिकारी, पंचायत लिपिक, शिक्षक, स्वास्थ्य कर्मी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, राजस्व अधिकारी एवं जल शक्ति विभाग के पदाधिकारी शामिल हुए। प्रतिभागियों ने अपने-अपने अनुभव साझा किए और ग्राम स्तर पर योजनाओं को अधिक सुदृढ़ और परिणाममुखी बनाने की दिशा में विचार-विमर्श किया।
उपायुक्त ने कहा कि इन कार्यशालाओं का मुख्य लक्ष्य योजनाओं को पारदर्शी, सहभागी एवं जनकेंद्रित बनाना है, ताकि ग्राम स्तर पर विकास कार्ययोजना वास्तविक आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार की जा सके और आमजन को अधिकतम लाभ मिल सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि आगामी विलेज वर्कशॉप (08-09 सितंबर 2025) तथा विलेज विजन एंड एक्शन प्लान प्रिपरेशन (10-13 सितंबर) को भी पूरी गंभीरता और तत्परता के साथ सफल बनाया जाए।
