logo

72 दिनों से लापता युवक का कुंए में मिला शव, परिवार ने जताई हत्या की आशंका

deadbodyyyy2.jpg

द फॉलोअप डेस्क
कोडरमा के चंदवारा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां पिछले 72 दिनों से लापता युवक दर्शील बर्णवाल उर्फ सोनू का शव बरामद किया गया है। पिपराडीह रेलवे स्टेशन मार्ग स्थित एक कुएं से युवक का शव पूरी तरह सड़ी-गली अवस्था में मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और तकनीकी शाखा मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। मौके पर मौजूद परिजनों ने मृतक के कपड़ों और मोबाइल फोन के आधार पर उसकी पहचान की।
जानकारी के मुताबक दर्शील की शादी तय हो चुकी थी और विवाह के महज 10 दिन पहले, 19 नवंबर को वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। लापता होने के बाद से ही परिवार उसकी तलाश में जुटा था, लेकिन गुरुवार की शाम इस दर्दनाक अंत ने परिजनों को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
इधर, मृतक के परिजनों ने इस घटना को सोची-समझी हत्या करार दिया है। मृतक के मामा अशोक बर्णवाल ने आरोप लगाया है कि दर्शील की हत्या कर साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को कुएं में फेंका गया था। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपील की है कि इस मामले को आत्महत्या का रूप न देकर निष्पक्ष जांच की जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। फिलहाल, पूरे इलाके में इस घटना को लेकर तनाव और शोक का माहौल बना हुआ है।
 

Tags - jharkhand news jharkhand khabar jharkhand update koderma news koderma khabar koderma update