द फॉलोअप डेस्क
चेक बाउंस मामले में बॉलीवुड अभिनेत्री अमीषा पटेल का आज बयान दर्ज किया जाएगा। अमिषा पटेल के अलावा उनके बिजनस पार्टनर कुणाल ग्रुमर की भी गवाही होगी। ऐसे में खासा उम्मीद है कि अमीषा पटेल और कुणाल ग्रुमर आज रांची सिविल कोर्ट पहुंचेंगे। दोनों से सीआरपीसी की धारा 313 का बयान दर्ज कराया जाएगा। गौरतलब है कि 21 फरवरी को न्यायिक दंडाधिकारी डीएन शुक्ला के कोर्ट में दोनों की हाजिर होने को कहा गया था।

6 साल से चल रहा है मामला
बता दें कि चेक बाउंस मामला पिछले 6 साल से चल रहा है। अभिनेत्री अमीषा पटेल ने रांची के रहने वाले अजय कुमार सिंह से ढाई करोड़ रुपए लिए थे। यह पैसा उन्होंने फिल्म बनाने के नाम पर लिया था, लेकिन फिल्म नहीं बनी। इसके बाद उन्होंने यह राशि दो चेक के माध्यम से लौटाया गया था, लेकिन चेक बाउंस हो गया। जिसके बाद उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। मामले में दोनों पक्षों की ओर से गवाही पूरी हो चुकी है। अब केवल अमिषा पटेल और उसके बिजनेस पार्टनर का बयान दर्ज होने बाकी है।

क्या है पूरा मामला?
अमीषा पटेल पर रांची के फिल्म निर्माता अजय कुमार सिंह ने चेक बाउंस होने, धोखाधड़ी और धमकी देने का आरोप लगाया था। अमीषा पर आरोप है कि उन्होंने एक फिल्म के प्रमोशन और पब्लिसिटी के लिए रांची के रहने वाले फिल्ममेकर अजय कुमार सिंह से 2.5 करोड़ रुपये लिए थे। फिल्म पूरी होने के बाद ब्याज समेत पैसे वापस करने थे। लेकिन 2013 में शुरू हुई ये फिल्म पूरी नहीं हो रही थी। दोनों के बीच जो कांट्रैक्ट हुआ था, उसके अनुसार जब फिल्म जून 2018 में रिलीज नहीं हुई तो अजय ने अमीषा से पैसे की मांग की। काफी टालमटोल के बाद अक्तूबर 2018 में ढाई करोड़ एवं 50 लाख रुपए के दो चेक दिए, जो बाउंस हो गए। इसके बाद अजय सिंह ने रांची सिविल कोर्ट में मुकदमा किया है।