धनबाद
सरायढेला स्थित झरिया विधायक रागिनी सिंह के आवास सिंह मेंशन पर हुई बमबाजी की घटना का जिम्मा अमन सिंह (मृत) गिरोह ने लिया है। गिरोह के सदस्य शंकर सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर धनबाद को शमशान बनाने की धमकी दी है।
प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि जिस जमीन पर अमन सिंह का खून बहा, उस धरती को बंजर बना दिया जाएगा। शंकर सिंह ने धनबाद के व्यापारियों को खुली धमकी देते हुए कहा है कि सभी को रंगदारी देनी होगी। साथ ही यह भी कहा गया कि “तुम्हारे देवता संजीव सिंह का दरवाजा फाड़ दिया है” और शहर में सबको चुन-चुनकर मारा जाएगा।

उल्लेखनीय है कि रविवार देर रात बाइक सवार अपराधियों ने सिंह मेंशन पर दो बम फेंके। एक बम मुख्य गेट के अंदर जबकि दूसरा गेट के बाहर फेंका गया। दोनों धमाके तेज आवाज के साथ हुए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना की जानकारी मिलते ही सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव और सरायढेला थाना की पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है और सिंह मेंशन व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। गौरतलब है कि इस हाई-प्रोफाइल आवास में विधायक रागिनी सिंह के साथ पूर्व विधायक संजीव सिंह और कुंती सिंह भी रहते हैं, ऐसे में पुलिस मामले को अत्यंत संवेदनशील मानते हुए जांच कर रही है।
.jpeg)