logo

गढ़वा में 10 करोड़ की लागत से होगा 3 पुलों का निर्माण, झारखंड सरकार ने दी स्वीकृति

mt24.jpg

गढ़वा
गढ़वा विधानसभा क्षेत्र के रंका और रमकंडा प्रखंड में लगभग 10 करोड़ रूपये की लागत से 3  पुलों का निर्माण किया जाएगा। झारखंड सरकार ग्रामीण कार्य विभाग ने इसकी स्वीकृति प्रदान कर दी है। मुख्यमंत्री ग्राम सेतु योजना के तहत रमकंडा में 2 तथा रंका में 1  पुल का निर्माण किया जाएगा। इसके तहत रमकंडा प्रखंड के पंचायत चेटे में ग्राम चेटे, टेढ़ाकहुआ और बोड़ी के बीच हाठु नदी पर 3 करोड़ 94 लाख 48 हजार 700 रूपये की लागत से 96.8 मीटर लंबा उच्च स्तरीय पुल का निर्माण किया जाएगा। रक्सी में ग्राम रक्सी देवी मंडप से ढ़ुलवा सीमा के समीप हड़बड़िया नाला पर दो करोड़ 78 लाख 94 हजार 500 रूपये की लागत से 58.08 मीटर लंबा उच्च स्तरीय पुल बनेगा। रंका प्रखंड में ग्राम बाहाहारा एवं जासोबार (पानापोठी) के बीच हाठु नदी पर दो करोड़ 96 लाख 42 हजार 400 रूपये की लागत से 67.08 मीटर लंबा उच्च स्तरीय पुल का निर्माण किया जाएगा।


इस बारे में जानकारी देते हुए पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने बताया कि पुलों के निर्माण की स्वीकृति झारखंड सरकार ने दे दी है। शीघ्र ही इसकी निविदा की प्रक्रिया पूर्ण कर निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। मंत्री ने कहा कि एक समय था जब गढ़वा विधानसभा क्षेत्र एवं गढ़वा जिले के गिनती राज्य के सबसे पिछड़े जिले में होती थी। परंतु पिछले साढ़े चार वर्षों में स्थिति पूरी बदल गई है। गढ़वा की बदहाली अब बीते दिनों की बात हो गई है। मंत्री ने कहा कि गढ़वा विकास के पथ पर काफी तेजी से आगे बढ़ रहा है। अब गढ़वा  पीछे मुड़कर नहीं देखने वाला है।

 उन्होंने कहा कि उक्त क्षेत्र के दर्जनों गावों के ग्रामीणों को बरसात के मौसम में काफी कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा था। क्षेत्र भ्रमण के दौरान वहां की स्थिति को देखकर उन्होंने ग्रामीणों से उच्च स्तरीय पुल निर्माण कराने का वादा किया था। वह वादा अब पूरा हो चुका है। मंत्री ने कहा कि ग्रामीणों की यह समस्या वर्षां से बनी हुई थी। परंतु पूर्व के जनप्रतिनिधि झूठे वादे कर जीत जाते थे। जीतने के बाद वे जनता को अपना चेहरा तक नहीं दिखलाते थे। यही सिलसिला चलते आ रहा था। अंततः गढ़वा विधानसभा क्षेत्र के लोगों ने वर्ष 2019 में अपना निर्णय बदला। अब उनका निर्णय पूरी तरह से सार्थक साबित हो रहा है। मंत्री  ठाकुर ने कहा कि काफी कम समय में पूरे गढ़वा की तस्वीर बदल गई है। आने वाले समय में गढ़वा का और बेहतर रूप देखने को मिलेगा।


 

Tags - Mithilesh ThakurGarhwa NewsbridgeJharkhand News