logo

चंपाई सोरेन ने वित्त मंत्री की सराहना की, कहा- मोदी सरकार की दूरदर्शिता का ब्लूप्रिंट है आम बजट

CHAMPAI111.jpg

रांची 

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने आम बजट 2026 की सराहना करते हुए इसे विकसित भारत के निर्माण की दिशा में मोदी सरकार की दूरदर्शिता का ब्लूप्रिंट बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट सर्वांगीण, सर्वस्पर्शी और समावेशी है, जो देश के आर्थिक विकास को नई गति देगा।
चंपाई सोरेन ने कहा कि बजट का फोकस गरीबों, मजदूरों, किसानों, महिलाओं, छात्रों और आम लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने पर है। लोगों की काबिलियत को निखार कर हर परिवार को आय के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराना और आर्थिक विकास को तेज करना इस बजट की प्रमुख प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि काजू, अखरोट, बादाम, नारियल, कॉफी और मछली पालन के जरिए किसानों और छोटे कारोबारियों की आय बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया गया है। खादी, हथकरघा और हस्तशिल्प से जुड़े कर्मियों के लिए किए गए प्रावधान बुनकरों के जीवन में खुशहाली लाएंगे।


चंपाई सोरेन ने कहा कि देश में बनने वाले टेक्सटाइल पार्क “मेक इन इंडिया” को बढ़ावा देंगे और दुनिया भर के वस्त्र निर्माताओं को भारत में निवेश के लिए प्रेरित करेंगे। जिला अस्पतालों के उन्नयन और नए ट्रॉमा सेंटरों से आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।
उन्होंने आयुर्वेद के क्षेत्र में शुरू होने वाले तीन नए एम्स, बायोफार्मा और आयुर्वेद को बढ़ावा देने की पहल को स्वागत योग्य बताया। सेमीकंडक्टर, चिप और मोबाइल कलपुर्जों के निर्माण को भारत को महाशक्ति बनाने की दिशा में अहम कदम बताया।
कैंसर और डायबिटीज की दवाइयों समेत मेडिकल उपकरणों को सस्ता करने के फैसले की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि डिफेंस सेक्टर में कस्टम ड्यूटी में छूट देश को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करेगी।


चंपाई सोरेन ने कहा कि 15 हजार स्कूलों और 500 कॉलेजों में बनने वाली कंटेंट क्रिएटर लैब्स छात्रों को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाएंगी, जबकि सभी जिलों में छात्राओं के लिए हॉस्टल महिला सशक्तिकरण की दिशा में मजबूत कदम है। सात हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर, फ्रेट कॉरिडोर और वॉटरवेज से आवागमन और माल परिवहन आसान होगा।
उन्होंने शराब, सिगरेट और पान मसाला को महंगा करने के फैसले को भी जनहित में बताया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रस्तुत इस बजट के लिए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को बधाई दी।


 

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest