logo

गिरिडीह में जैन श्रद्धालुओं की बस दुर्घटनाग्रस्त, सूरत के पति-पत्नी की मौत; 12 घायल

गिरिडीह में जैन श्रद्धालुओं की बस दुर्घटनाग्रस्त, सूरत के पति-पत्नी की मौत; 12 घायल

गिरिडीह: 
Girdih News :
झारखंड के गिरिडीह जिले के पारसनाथ स्थित शिखरजी तीर्थस्थल से लौट रहे जैन श्रद्धालुओं की बस देर रात दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा मधुबन थाना क्षेत्र के कल्याण निकेतन के समीप हुआ। दुर्घटना में गुजरात के सूरत निवासी पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन श्रद्धालु घायल हुए हैं। घायलों में दो की स्थिति नाजुक बताई जा रही है।

शिखरजी यात्रा पूरी कर टाटा जा रहे थे श्रद्धालु
जानकारी के अनुसार, गुजरात से जैन श्रद्धालुओं का जत्था शिखरजी दर्शन के लिए पहुंचा था। यात्रा पूरी करने के बाद सभी श्रद्धालु टाटा जा रहे थे, जहां से उन्हें ट्रेन पकड़कर गुजरात लौटना था। इसी जत्थे में शामिल यात्रियों से भरी एक बस देर रात करीब 10 बजे मधुबन थाना क्षेत्र के कल्याण निकेतन के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। टक्कर के बाद बस दूसरी दिशा में जाकर सड़क किनारे गड्ढे में एक तरफ झुककर लटक गई। हादसे में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री अंदर फंस गए, जबकि कुछ खिड़कियों के रास्ते बाहर निकलने में सफल रहे।

पति-पत्नी की मौत, एक दर्जन से अधिक श्रद्धालु घायल
हादसे में गुजरात के सूरत निवासी बाबूलाल वंशराज जैन और उनकी पत्नी बदामी देवी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, करीब एक दर्जन श्रद्धालु घायल हुए हैं। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। घटना की सूचना मिलते ही मधुबन थाना प्रभारी मणिलाल सिंह, डुमरी एसडीपीओ आबिद खान, पीरटांड़ थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। इसके बाद घायलों को एंबुलेंस और अन्य वाहनों से पीरटांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका इलाज शुरू किया। गंभीर रूप से घायल दो यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।

हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
डुमरी एसडीपीओ आबिद खान ने दो लोगों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं का करीब 10 गाड़ियों का जत्था शिखरजी की यात्रा पूरी कर टाटा लौट रहा था। इसी दौरान जत्थे में शामिल एक बस अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई और सड़क किनारे गड्ढे में झुक गई। हादसे में पति-पत्नी की मौत हुई है, जबकि दर्जनाधिक लोग घायल हुए हैं। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।


 

Tags - Giridih NewsParasnathShikharjiJharkhand NewsRoad Accident