द फॉलोअप डेस्क
गुमला जिले में बस ओनर एसोसिएशन द्वारा आज दूसरे दिन भी जिला से बसों के परिचालन को बाधित रखा गया। दरअसल, विगत दिनों जिला प्रशासन ने फैसला लिया था कि लोहरदगा रोड से जाने वाली सभी बसों का परिचालन जिला मुख्यालय के ललित उरांव बस पड़ाव से हटाकर दुनदुरिया बस पड़ाव से शुरू किया जाए। इस फैसले को लेकर बस ओनरों ने आक्रोश व्यक्त किया और प्रशासन को पत्र लिखकर सभी बसों का परिचालन ललित उरांव बस पड़ाव से ही करने की मांग की।
प्रशासन ने उनकी मांग को नहीं माना, जिसके बाद 30 अक्टूबर को बस ओनर एसोसिएशन ने अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा की। इसके परिणामस्वरूप, 31 अक्टूबर को जिला से खुलने वाली 250 बसों का परिचालन पूरी तरह बाधित रहा, और आज दूसरे दिन भी बसों का परिचालन बाधित है, जिससे आम लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। आज राज्य से भी प्रदेश बस ओनर एसोसिएशन के लोग गुमला आए और जिला के बस ओनर एसोसिएशन के लोगों के साथ बैठक की। बैठक में सभी ने जिला में बसों के परिचालन को बंद करने के फैसले को सही बताया। वहीं, सभी लोगों ने प्रशासन से अपील की कि इस मुद्दे को लेकर जल्द ही बैठक बुलाकर समाधान निकाला जाए।
.jpeg)