द फॉलोअप डेस्क
चौपारण प्रखंड क्षेत्र में मिठाई के नाम पर लोगों की सेहत से बड़ा खिलवाड़ हो रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, गिरिडीह और गया से आए कारोबारी जहरीली और नकली मिठाइयों की सप्लाई धड़ल्ले से कर रहे हैं, जो होटल-ढाबों में खुलेआम बेची जा रही हैं। इससे न केवल आम लोग, बल्कि मासूम बच्चे भी स्वास्थ्य संकट का शिकार हो रहे हैं। गंभीर स्थिति यह है कि कुछ होटल संचालक खराब हो चुकी मिठाइयों को रासायनिक प्रक्रिया से दोबारा तैयार कर बाजार में परोस रहे हैं। इस प्रक्रिया से मिठाइयों में हानिकारक रसायन और कीटनाशक मिलने का खतरा रहता है, जो गंभीर बीमारियों और जानलेवा स्थिति को जन्म दे सकते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से सख्त मांग की है कि जहरीली मिठाई बनाने और सप्लाई करने वालों पर तुरंत छापेमारी की जाए और दोषियों को कठोर सजा दी जाए, ताकि लोगों की जान से खिलवाड़ का सिलसिला बंद हो सके।
