रांची:
झारखंड में पिछले कुछ दिनों से सियासी हलचल तेज है। ऐसे में गुरुवार का दिन काफी अहम माना जा रहा है। राज्य में चल रहे सियासी संकट के बीच आज मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (CM Hemant Soren) ने कैबिनेट की बैठक बुलाई है। राज्य के मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए बैठक में कई अहम फैसले लिए जाने की संभावना है। इसके अलावा कयास लगाए जा रहे हैं कि सीएम हेमंत सोरेन कोई बड़ा फैसला भी ले सकते हैं।

इन मुद्दों पर होगी सकती है चर्चा
सियासी गलियारों में यह भी चर्चा है कि हेमंत सरकार राजभवन पर दबाव बनाने के लिए विधानसभा का विशेष सत्र भी बुला सकती है। इसके जरिए सरकार दिल्ली की केजरीवाल सरकार के तहत खुद से विधानसभा में विशेष मत पारित कर सकती है। विधानसभा के विशेष सत्र की घोषणा भी कैबिनेट की बैठक के बाद की जा सकती है। कहा जा रहा है कि कैबिनेट की बैठक में झारखंड के बड़े हिस्से में सुखाड़ के मुद्दे पर भी चर्चा होगी। बता दें कि इस साल राज्य में औसत से कम बारिश हुई है। इस वजह से कई इलाकों में किसान इस साल रोंपनी भी नहीं कर पाए है। सरकार इसे लेकर कोई बड़ी घोषणा कर सकती है। जिससे कि राज्य के किसानों को राहत मिल सके। वहीं आंगनबाड़ी सेविका और सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि का प्रस्ताव भी कैबिनेट की मीटिंग में लाया जा सकता है। पिछली कैबिनेट मीटिंग में आंगनबाड़ी सेविका और सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि का प्रस्ताव तैयार कर लिया गया था। आज की बैठक में नई नियमावली पर मुहर लग सकती है। वहीं राज्य में पंचायत अभ्यर्थियों की नियुक्ति से संबंधित प्रस्ताव भी कैबिनेट मीटिंग में उठ सकता है।

कांग्रेस कोटे के चार मंत्री रांची लौटे
झारखंड में पिछले 1 सप्ताह से सियासी घमासान जारी है। ऐसे में सरकार के कामकाज भी प्रभावित हुआ है। झारखंड की सरकार रांची रायपुर रूट पर दौड़ रही है। कांग्रेस कोटे के चार मंत्री बुधवार को रायपुर से रांची लौट गए हैं। यह सभी कैबिनेट की बैठक में शामिल होने के लिए आए हैं। चर्चा है कि कैबिनेट बैठक के बाद यह फिर रायपुर लौट जाएंगे।