जमशेदपुर:
Jamshedpur News: जमशेदपुर में ड्रग्स के अवैध कारोबार और सट्टेबाजी पर अंकुश लगाने के लिए अभियान तेज किया जाएगा। इस दिशा में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने पहल करते हुए सीनियर एसपी से फोन पर बात की और पूर्व में उपलब्ध कराई गई सूचनाओं के आधार पर अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी मांगी। उन्होंने एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई कर इसकी जानकारी देने को कहा है।

ड्रग्स और सट्टेबाजी पर प्रभावी कार्रवाई की मांग
सरयू राय के बिष्टुपुर स्थित आवासीय कार्यालय में ड्रग्स के अवैध कारोबार और सट्टेबाजी के खिलाफ अभियान चलाने को लेकर बैठक हुई। बैठक में विशेष रूप से उपस्थित विधायक सरयू राय ने कहा कि शहर में इन अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए ठोस और निरंतर कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने इस दिशा में संबंधित अधिकारियों से गंभीरता से पहल करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
.jpeg)
एक सप्ताह में कार्रवाई कर रिपोर्ट देने का निर्देश
बैठक के दौरान सरयू राय ने सीनियर एसपी से फोन पर पूछा कि ड्रग्स और सट्टेबाजी के संबंध में उनके द्वारा पहले उपलब्ध कराई गई विशिष्ट सूचनाओं पर अब तक क्या कार्रवाई हुई है। इस पर सीनियर एसपी ने बताया कि पूजा सहित अन्य कार्यक्रमों में व्यस्तता के कारण इस दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो सकी है। हालांकि, उन्होंने इन मामलों में कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इस पर सरयू राय ने स्पष्ट कहा कि उपलब्ध सूचनाओं के आधार पर एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई की जाए और उन्हें इसकी जानकारी दी जाए। सीनियर एसपी ने आश्वस्त किया कि इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
.jpeg)
अभियान को दिया जाएगा विशेष नाम, जल्द बनेगी समिति
बैठक में ड्रग्स के अवैध कारोबार और सट्टेबाजी के खिलाफ संगठित अभियान चलाने पर सहमति बनी। बैठक की अध्यक्षता सेवानिवृत्त भारतीय प्रशासनिक अधिकारी (एलाइड) मनोज सिंह ने की। उन्होंने कहा कि अभियान को एक विशेष नाम दिया जाएगा। इसके संचालन और समन्वय के लिए गठित समिति की घोषणा भी जल्द की जाएगी।
सामूहिक प्रयासों से अवैध गतिविधियों पर लगेगी रोक
मनोज सिंह ने बताया कि अभियान का उद्देश्य ड्रग्स के अवैध कारोबार और सट्टेबाजी जैसी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सामूहिक प्रयासों को गति देना है। इसके लिए लोगों के सहयोग और समन्वित पहल के माध्यम से अभियान को आगे बढ़ाया जाएगा। बैठक में सुबोध श्रीवास्तव, नीरज सिंह, अमित शर्मा, विकास साहनी, उषा यादव, अरविंद कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे।