द फॉलोअप डेस्कः
जिनके अंदर कुछ कर गुजरने की चाह होती है वह हर मुश्किल से लड़कर अपना मुकाम हासिल कर ही लेते हैं। इसी का एक उदाहरण बने हैं झारखंड बोर्ड के मैट्रिक परीक्षा टॉपर अभिजीत शर्मा। अभिजीत बढ़ई के बेटे हैं। जैक का स्टेट टॉपर बनना किसी जंग जीतने से कम नहीं है। दरअसल आज झारखंड बोर्ड का रिजल्ट घोषित हुआ है। जिसमें जमशेदपुर के एक बढ़ई के बेटे अभिजीत शर्मा ने टॉप किया है। अभिजीत शर्मा को 500 अंकों की परीक्षा में से 490 अंक मिले हैं। अभिजीत बिष्टुपुर स्थित रामकृष्ण मिशन इंग्लिश स्कूल के छात्र हैं।

आईएएस बनना चाहते हैं
अभिजीत शर्मा भविष्य में सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग पढ़ाई करना चाहते हैं। इसके बाद उनका आईएएस अधिकारी बनने का सपना है। अभिजीत शर्मा आज की अपनी सफलता से खुश हैं। इसका श्रेय उन्होंने अपने शिक्षकों और माता-पिता को दिया है। अभिजीत के पिता अखिलेश शर्मा बढ़ई हैं और उनकी मां एक गृहिणी हैं। पिता जीवनयापन के लिए घर-घर घूमकर कुर्सियों की मरम्मत करते हैं।

कितने प्रतिशत छात्र हुए पास
बता दें कि झारखंड बोर्ड के 10वीं और इंटर साइंस के परिणाम जारी हो चुके हैं। जैक अध्यक्ष अनिल कुमार महतो ने रिजल्ट जारी किया। मैट्रिक की परीक्षा में बच्चों ने शानदार प्रदर्शन किया। 95.38 प्रतिशत बच्चे पास हुए। वहीं, 63.23 बच्चों ने फर्स्ट डिवीजन से परीक्षा पास की। इसके अलावा इंटर साइंस में पास होने वाले बच्चों का प्रतिशत 81.45 है। जैक अध्यक्ष अनिल कुमार महतो शानदार प्रदर्शन करने वाले बच्चों को शुभकामनाएं दी।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT