logo

गिरिडीह : आकांक्षी जिला कार्यक्रम की समीक्षा, केंद्रीय प्रभारी सुनील कुमार वर्णवाल ने दिए कड़े निर्देश

mbrtyywebe.jpg

द फॉलोअप डेस्क
आकांक्षी जिला गिरिडीह के केंद्रीय प्रभारी पदाधिकारी सुनील कुमार वर्णवाल आज परिसदन भवन पहुंचे, जहां उपायुक्त रामनिवास यादव एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने उनका स्वागत किया। इसके बाद समाहरणालय सभागार में आकांक्षी जिला/प्रखंड रूपांतरण कार्यक्रम की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, कृषि, जल संसाधन, वित्तीय समावेशन, कौशल विकास एवं आधारभूत संरचना से जुड़े सभी आयामों की प्रगति की समीक्षा की गई। वर्णवाल ने कहा कि जिले का प्रदर्शन कई क्षेत्रों में संतोषजनक है, लेकिन कुछ आयामों में तुरंत सुधार की आवश्यकता है। उन्होंने विभागीय समन्वय को और मजबूत करने, योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन और जमीनी स्तर पर पारदर्शिता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने गर्भवती महिलाओं का रजिस्ट्रेशन, बच्चों के टीकाकरण, संस्थागत प्रसव, कुपोषण नियंत्रण, डायबिटीज-हाइपरटेंशन की नियमित जांच पर विशेष ध्यान देने को कहा। शिक्षा विभाग को स्कूलों में पेयजल, शौचालय, बाउंड्री वॉल, विद्युतीकरण और पठन-पाठन व्यवस्था को सुदृढ़ करने का निर्देश दिया गया। साथ ही बच्चों की उपस्थिति में सुधार और आयुष्मान कार्डों की प्रक्रिया को मिशन मोड में पूरा करने पर बल दिया गया।
कृषि विभाग की समीक्षा में उन्होंने सॉयल हेल्थ कार्ड वितरण, माइक्रो एवं डीप इरिगेशन सिस्टम को बढ़ावा देने और फसल बीमा योजना के व्यापक प्रचार की आवश्यकता बताई। साथ ही सभी विभागों को एमआईएस एंट्री समय पर अपडेट करने का निर्देश दिया, ताकि योजनाओं की प्रगति पोर्टल पर प्रतिबिंबित हो सके। केंद्रीय प्रभारी अधिकारी वर्णवाल ने आकांक्षी प्रखंड जमुआ में आयुष्मान आरोग्य मंदिर, स्वास्थ्य उपकेंद्रों और विद्यालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, रोस्टर व्यवस्था, औषधि उपलब्धता और बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया। स्कूलों में छात्रों की उपस्थिति, मध्याह्न भोजन, स्वच्छता एवं शिक्षण व्यवस्था की भी जांच की।
उन्होंने कहा कि सभी सरकारी योजनाओं और शैक्षणिक कार्यक्रमों को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू किया जाए, ताकि हर लाभार्थी तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके। स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और पंचायत विकास से जुड़ी योजनाओं में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर उन्होंने विशेष जोर दिया। निरीक्षण में उपायुक्त रामनिवास यादव, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, दोनों अनुमंडल पदाधिकारी, सिविल सर्जन, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जनसंपर्क पदाधिकारी, BDO जमुआ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



 

Tags - Latest jharkhand News jharkhand News updates latest jharkhand News Jharkhand News Updates Giridih News updates latest Giridih News Giridih News in hindi Latest Giridih News Giridih News Updates Giridih mnews Updates Giridih Updates