द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में इन दिनों मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। कई इलाकों में रुक-रुक कर हल्की बारिश हो रही है, लेकिन इसके बावजूद लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। राजधानी रांची समेत राज्य के ज्यादातर जिलों में सुबह से ही तेज धूप निकल रही है, जिससे गर्मी और ज्यादा महसूस हो रही है। मौसम विभाग ने कहा है कि फिलहाल इस उमस से राहत मिलने की संभावना नहीं है। मौसम केंद्र के अनुसार, आज राज्य के कई हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पलामू प्रमंडल के जिले, हजारीबाग और चतरा को छोड़कर बाकी जिलों में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। इन इलाकों में गरज के साथ बारिश और वज्रपात की भी आशंका है। 12 से 15 जून तक पूरे झारखंड में तेज हवाएं चल सकती हैं, जिसे लेकर मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है।
रांची के लिए विशेष अलर्ट
राजधानी रांची के लिए मौसम विभाग ने खास अलर्ट जारी किया है। बताया गया है कि आज आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। फिलहाल राज्य में मानसून के प्रवेश के कोई संकेत नहीं मिले हैं।
12 जून: दिन भर बादल छाए रहेंगे और 1-2 बार बारिश होने की संभावना है।
13 जून: आसमान में बादल रहेंगे और गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
14 जून: इसी तरह का मौसम बना रहेगा – बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर बारिश हो सकती है।
इन चार दिनों के दौरान रांची का अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।