बोकारो
चंद्रपुरा थाना क्षेत्र में शनिवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां जमनिया नदी में बोरे में बंद एक महिला का शव बरामद हुआ। शव पानी में तैरता हुआ मिला, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान बेबी देवी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से चास थाना क्षेत्र के यदुवंश नगर की रहने वाली थी।

पहले से दर्ज थी गुमशुदगी की शिकायत
बताया जा रहा है कि महिला पिछले कई दिनों से लापता थी। उसके पति ने चास थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। परिजनों के अनुसार, महिला के लापता होने के बाद उन्हें एक संदिग्ध फोन कॉल भी आया था, जिससे किसी अनहोनी की आशंका जताई जा रही थी।

पुलिस जांच में जुटी, हत्या की आशंका
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक तौर पर मामले को संदिग्ध मानते हुए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। बोरे में बंद शव मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने कहा है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।