द फॉलोअप डेस्क
सीआरपीएफ जवान लक्ष्मण कुमार यादव (28) की गुरुवार को चतरा जिले के सिमरिया-चतरा मुख्य मार्ग स्थित देल्हो घाटी में सड़क हादसे में मौत हो गई। बिराजपुर गांव निवासी लक्ष्मण सात दिन पहले ही एक माह की छुट्टी पर अपने घर आए थे। गुरुवार को बाइक से सिमरिया से घर लौटने के दौरान विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार हाईवा ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल जवान को रेफरल अस्पताल, फिर हजारीबाग और बाद में रांची रिम्स रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने हाईवा जब्त कर शुरू की कार्रवाई
हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त हाईवा को जब्त कर लिया है और फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। सिमरिया अंचलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि चतरा उपायुक्त के निर्देश पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और पूरे मामले की निगरानी प्रशासनिक अधिकारियों की देखरेख में की जा रही है।

मुआवजे और कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क पर उतरे ग्रामीण
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने बिराजपुर के पास शव रखकर चतरा-सिमरिया मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने दोषी चालक की जल्द गिरफ्तारी, मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा और कोयला ढोने वाले वाहनों की तेज रफ्तार पर रोक लगाने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर कोयला वाहनों की लापरवाही के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। शाम करीब पांच बजे से जारी सड़क जाम को समाप्त कराने के लिए प्रशासन और पुलिस लोगों को समझाने का प्रयास कर रही है।