logo

चतरा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, वायरल वीडियो के बाद गिद्धौर थाना प्रभारी समेत तीन सस्पेंड

बो्ोन2.jpg

चतराः

चतरा जिले में वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस विभाग ने अपने ही कर्मियों पर सख्त कार्रवाई की है। एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने गिद्धौर थाना प्रभारी शिवा यादव समेत तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इन पर एक युवक को बिना वैधानिक प्रक्रिया के जबरन उठाने की कोशिश करने और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है। 


सादे लिबास में पहुंचकर युवक को उठाने की कोशिश
मामला राजपुर थाना क्षेत्र के बिंधानी गांव का है, जहां सादे लिबास में पहुंचे पुलिसकर्मियों ने संदीप दांगी नामक युवक को जबरन गाड़ी में बैठाने का प्रयास किया। इस दौरान न तो स्थानीय थाना को सूचना दी गई और न ही किसी कानूनी प्रक्रिया का पालन किया गया। ग्रामीणों और परिजनों के विरोध के बाद स्थिति बिगड़ने लगी, जिसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।


जांच में खुली मिलीभगत की परतें
घटना के बाद जांच की जिम्मेदारी सिमरिया एसडीपीओ शुभम खंडेलवाल को सौंपी गई। जांच रिपोर्ट में नियमों की अनदेखी और संदिग्ध गतिविधियों की पुष्टि हुई, जिसके बाद तीनों पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया। साथ ही यह भी सामने आया कि जिस निजी कार का इस्तेमाल किया गया, उसे एक आपराधिक पृष्ठभूमि वाला व्यक्ति चला रहा था, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। दरअसल इन पुलिसकर्मियों पर तस्कर के साथ सांठगांठ कर एक युवक को बिना आधिकारिक प्रक्रिया के उठाने का प्रयास करने का आरोप है। यह कार्रवाई चतरा जिले में पिछले एक हफ्ते से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो के बाद की गई है।

Tags - Chatra Jharkhand Police Action Suspension Viral Video Crime Corruption Law and Order