रांची
छठ पर्व जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, ट्रेनों में भीड़ बढ़ती जा रही है। छठ पर्व के मौके पर झारखंड से दिल्ली और उत्तर प्रदेश आने-जाने वाले यात्रियों की संख्या में अप्रत्याशित वृद्धि हो जाती है। इसे देखते हुए रेलवे ने रांची से होकर पांच स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। कई ट्रेनों में सीट और बर्थ के लिए बुकिंग भी शूरू हो गयी है। रेलवे की ओर से इन ट्रेनों की टाइमिंग और रूट्स की सूचना जारी की गयी है। आइये जानते हैं, कौन सी स्पेशल ट्रेन किस स्टेशन कब और कितने बजे खुलेगी।
दुर्ग से पटना जाने वाली ट्रेन रांची हो कर जायेगी
रेलवे से मिली खबर में बताया गया है कि दुर्ग-पटना छठ पूजा स्पेशल ट्रेन भी रांची होकर गुजरेगी। यह ट्रेन दुर्ग से पटना तक एक ट्रिप चलेगी। ट्रेन 15 नवंबर को दुर्ग से खुलेगी और रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, राउरकेला होते हुए हटिया और रांची रात 11.50 बजे पहुंचेगी। इसके बाद मुरी, बोकारो स्टील सिटी, गोमो गया और जहानाबाद होते हुए दूसरे दिन सुबह 9.30 बजे पटना पहुंचेगी। पटना से यह ट्रेन 16 नवंबर की सुबह 10.30 बजे रवाना होगी। फिर निर्धारित मार्ग से होते हुए रांची शाम 745 बजे पहुंचेगी। इसके बाद दूसरे दिन सुबह 8.20 बजे दुर्ग पहुंचेगी। ट्रेन के दुर्ग से खुलने का समय दोपहर 2.45 है।
रांची-जयनगर छठ स्पेशल ट्रेन का परिचालन
इसी तरह रांची-जयनगर छठ स्पेशल ट्रेन का परिचालन किया जायेगा। यह ट्रेन शनिवार 18 नवंबर से चलेगी। ट्रेन रांची स्टेशन से रात 11.45 बजे खुलेगी। ट्रेन मुरी, झालिदा, बोकारो, धनबाद, चितरंजन, मधुपुर, जसीडीह, झाझा, किउल, बरौनी, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी होते हुए दूसरे दिन दोपहर 3.30 बजे जयनगर स्टेशन पहुंचेगी। यह ट्रेन 19 नवंबर रविवार को जयनगर से शाम 5 बजे रवाना होगी और रांची स्टेशन पर सुबह नौ बजे पहुंच जायेगी। खबर में बताया गया है कि इसमें 24 बोगियां होंगी। इसी तरह रांची-लेहरियासराय छठ स्पेशल ट्रेन 16 नवंबर को एक ट्रिप चलेगी। यह ट्रेन रांची से रात 11 बजे रवाना होगी, जो दूसरे दिन दोपहर 125 बजे लेहरिया सराय पहुंचेगी। लेहरिया सराय से रांची के लिए यह ट्रेन 17 नवंबर शुक्रवार दोपहर 330 बजे रवाना होगी। ये ट्रेन रात 3.40 बजे रांची पहुंच जायेगी। इस ट्रेन में भी 24 बोगियां होंगी।
हटिया-गोरखपुर स्पेशल ट्रेन
इन ट्रेनों के अलावा हटिया-गोरखपुर स्पेशल ट्रेन का भी संचालन होगा। ये ट्रेन 17 नवंबर की रात 11 बजे हटिया स्टेशन से खुलेगा। रांची, मुरी, बरकाकाना, डालटनगंज, सासाराम, पंडित दीन दयाल उपाध्याय होते हुए बनारस के बाद गोरखपुर शाम 5. 20 बजे पहुंचेगी। वहीं, गोरखपुर से यह ट्रेन 18 को चलेगी। यह ट्रेन शाम 7.20 बजे खुलेगी और हटिया स्टेशन दूसरे दिन सुबह 11.50 बजे तक पहुंच जायेगी। हटिया से पुणे तक चलने वाली साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 29 नवंबर तक पांच ट्रिप चलेगी। यह ट्रेन प्रत्येक बुधवार को हटिया स्टेशन से रात 9.30 बजे खुलेगी और शुक्रवार को पुणे पहुंचेगी। पुणे-हटिया स्पेशल ट्रेन एक दिसंबर तक प्रत्येक शुकवार चलेगी। इस ट्रेन का परिचालन शुरू हो चुका है।