रांची:
पूरा देश आज आजादी का जश्न मना रहा है। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (CM Hemant Soren) ने रांची स्थित मोरहाबादी मैदान (Morabadi Ground) में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद उन्होंने राज्य को संबोधित भी किया। उन्होंने झारखंड वासियों को विश्वास दिलाया कि राज्य को विकास की डगर पर ले जाया जा रहा है। इसके साथ ही उन्होंने राज्य की दशा और दिशा पर बात की। उन्होंने कहा कि 40,000 रुपये तक वेतन पाने वाले वैसे नियोजन जो राज्य के तहत होंगे, उसमें 75 फीसदी पद पर राज्य के लोगों को ही नियुक्त किया जाएगा।

युवाओं के लिए रोजगार का सृजन करना सरकार की प्राथमिकता
सीएम ने अपने संबोधन में अपनी उपलब्धियां भी गिनाईं। सीएम ने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में झारखंड ने अभूतपूर्व कार्य किया है। शिशु मृत्यु दर में कमी आई है और हमारी स्वास्थ्य सेवा मजबूत हुई है। सड़क मार्ग, जलमार्ग, वायु मार्ग का लगातार विकास हो रहा है। जिससे राज्य की अधोसंरचना मजबूत हो रही है। युवाओं के लिए रोजगार का सृजन करना सरकार की प्राथमिकता में है और सबसे बड़ी चुनौती राज्य से हो रहे पलायन को रोकने की है।

पलायन कम करने के लिए लोगों की मदद
इसके साथ ही उन्होंने राज्य के युवाओं से आग्रह करते हुए कहा कि अपनी ऊर्जा और शक्ति का उपयोग कर राज्य के विकास में योगदान करें। उन्होंने आगे कहा कि राज्य में पूरे तरीके से पलायन रोकना संभव नहीं है लेकिन विपरीत परिस्थति में में अपने लोगों को सहायता पहुंचाने के लिए हमारी सरकार तत्परता के साथ काम कर रही है। इसी को घ्यान में रखते हुए राज्य से पलायन कम करने के लिए लोगों की मदद की जा रही है और राज्य के 40000 रुपये तक के नियोजन में यहां के लोगों को ही नियुक्त किया जाएगा।
