logo

झारखंड के बच्चे दिखायेंगे हुनर, CM हेमंत के हाथों 3 नवंबर को होगा कला प्रदर्शनी का आगाज

PAINTING.jpeg

रांची 
क्या ही अच्छा हो अगर शौक को करियर बनाने का भी मौका बचपन से ही मिलने लगे। इसी सोच के साथ झारखंड का शिक्षा विभाग बच्चों की बनायी कलाकृतियों की प्रदर्शनी कल यानी 3 नवंबर से करने जा रहा है। प्रदर्शनी का उद्घाटन सीएम हेमंत सोरेन करेंगे। आयोजन राजधानी रांची के आंड्रे हाउस में होगा, जो तीन दिनों तक चलेगा। बता दें कि झारखंड में अपनी तरह का यह पहला आयोजन होगा। इस प्रदर्शनी में बच्चों की कलाकृतियों को आप खरीद भी सकेंगे। इससे नन्हें कलाकारों को प्रोत्साहन मिलेगा। 5 नवंबर को समाप्त होने वाली इस कला प्रदर्शनी में बच्चों की बनायी टेराकोटा और लकड़ी की कलाकृतियां, मिट्टी के मुखौटे, बांस की कलाकृतियां, टाय मेकिंग आदि शामिल होंगे। वहीं, प्रदर्शनी में पेंटिग औऱ कैनवास वर्क पर खास फोकस किया जायेगा।

कलाकृतियों की बिक्री भी होगी 

प्रदर्शनी में राज्य के सभी 24 जिलों से बच्चे बतौर प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। एक अनुमान के मुताबिक प्रदर्शनी में लगभग 1000 कलाकृतियों को प्रदर्शन और बिक्री के लिए लोगों के समक्ष रखा जायेगा। इस बाबत शिक्षा के रवि कुमार ने कहा कि प्रदर्शनी का मकसद अर्निंग फोर लर्निंग है। जिससे बच्चे अपने हुनर का इस्तेमाल आने वाले दिनों में करियर के रूप में भी कर सकें। इससे बच्चों को आत्मनिर्भर बनने की सीख मिलेगी। रोजगार के प्रति उनके रुझानों का भी पता चल सकेगा।  प्रदर्शनी के बाद जमशेदपुर एक्सएलआरआई की एक टीम बच्चों को कलाकृतियों की ऑनलाइन मार्केटिंग के लिए ट्रेनिंग देगी। एक्सएलआरआई की ओऱ से इसकी रूपरेखा भी तैयार कर ली गयी है।

कलाकृतियों से मिलने वाली रकम बच्चों और शिक्षकों को मिलेगी 
शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने कहा है कि प्रदर्शनी में बेची गयी कलाकृतियों से मिलने वाली रकम को बच्चों और उनके शिक्षकों के बीच वितरित किया जायेगा। इससे बच्चों और उनके शिक्षकों का भी मनोबल बढ़ेगा। प्रदर्शनी के लिए आंड्रे हाउस को खास तरीके से सजाया गया है। कलाकार बच्चों के साथ उनके अभिभावकों को भी शिक्षा विभाग की ओर से प्रदर्शनी में आमंत्रित किया गया है। इसे लेकर अभिभावकों में भी खासा उत्साह देखने के लिए मिल रहा है।