द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा से सटे बंगाल के चित्तरंजन में पूर्व हॉकी खिलाड़ी एरिक लकड़ा हत्याकांड को लेकर आक्रोश अब सड़कों पर खुलकर सामने आ गया है। गुरुवार शाम बारबनी भाजपा प्रत्याशी अरिजीत राय के नेतृत्व में चित्तरंजन थाना के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया गया। पुलिस द्वारा बैरिकेडिंग कर रोकने की कोशिश के बावजूद प्रदर्शनकारी सड़क पर बैठ गए और विरोध जताया। इस दौरान लोगों ने 24 दिनों तक हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए।

आंदोलनकारियों ने साफ चेतावनी दी कि यदि 72 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में राज्य में चुनाव कराना संभव नहीं है। प्रदर्शन के दौरान तृणमूल कांग्रेस सरकार पर “जंगलराज” का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग से हस्तक्षेप की मांग भी की गई।
