logo

धनबाद में क्लोरीन गैस के रिसाव से एक और मौत, 4 तक पहुंची मृतकों की संख्या

acid6.jpg

द फॉलोअप डेस्क
धनबाद जिले के पुटकी थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित कैप्टिव पावर प्लांट (सीपीपी) में क्लोरीन गैस रिसाव की घटना में मरने वालों की संख्या चार हो गई है। आज वसीम अंसारी (35) का शव बरामद हुआ है। वसीम का शव परिसर के पूर्वी छोर स्थित जंगल से बरामद किया गया। वह केंदुआडीह राजपूत बस्ती में रहता था। बताया जा रहा है कि हादसा तब हुआ जब 15 युवक बंद पड़े प्लांट में लोहा चोरी करने घुसे थे। इसी दौरान चोरों ने क्लोरीन गैस से भरी एक लोहे की टंकी को गैस कटर से काटना शुरू कर दिया, जिससे अचानक तेज गैस रिसाव होने लगा। जहरीली गैस के प्रभाव से मौके पर अफरातफरी मच गई। कई लोग तो वहीं बेहोश हो गये। 


घटना के बाद कुछ युवक मौके से भागे। जबकि अन्य की हालत गंभीर हो गई। बाद में अलग-अलग स्थानों से शव बरामद किए गए। बताया जा रहा है कि बीसीसीएल का यह कैप्टिव पावर प्लांट पिछले कई वर्षों से बंद पड़ा हुआ है। वर्तमान में यहां एक निजी कंपनी का कार्यालय संचालित हो रहा है, जो ओएनजीसी के साथ मिलकर मिथेन गैस की टेस्टिंग का कार्य कर रही है। प्लांट की चहारदीवारी कई जगह से टूटी हुई है, जिससे असामाजिक तत्व आसानी से अंदर प्रवेश कर जाते हैं। इसी रास्ते से युवक प्लांट में घुसे थे।