logo

JSSC-CGL कथित पेपर लीक केस में बोकारो से रितेश गिरफ्तार, 30 से ज्यादा अभ्यर्थियों को उत्तर रटवाने का आरोप

JSSC-CGL कथित पेपर लीक केस में बोकारो से रितेश गिरफ्तार, 30 से ज्यादा अभ्यर्थियों को उत्तर रटवाने का आरोप

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

JSSC-CGL परीक्षा में धांधली और अनियमितता की शिकायतों की जांच कर रही CID की विशेष टीम ने गुरुवार को रितेश कुमार (Ritesh Kumar) नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया है। मूलरूप से बिहार के भोजपुर जिला निवासी रितेश कुमार, अभी बोकारो के दुग्दा में रह रहा था। रितेश पर परीक्षा से पहले 30 से ज्यादा अभ्यर्थियों को गुप्त ठिकाने पर जुटाने और कथित तौर पर लीक हुए प्रश्न पत्र का उत्तर रटवाने का आरोप है। CID यह पता लगाने में जुटी है कि अभ्यर्थियों को प्रश्न पत्र और उसके उत्तर किस माध्यम से उपलब्ध कराए गये। 

लाखों रुपये में की गई थी सौदेबाजी
CID के अनुसार, अभ्यर्थियों से इस पूरी व्यवस्था के बदले कथित तौर पर लाखों रुपये में सौदेबाजी की गई थी। जांच में बड़ी रकम एडवांस के रूप में लिये जाने की बात भी सामने आई है। एजेंसी अब पैसों के लेन-देन और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। रितेश कुमार को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की तैयारी की जा रही है। जांच एजेंसी को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान कथित पेपर लीक से जुड़े सिंडिकेट की अन्य कड़ियों और इसमें शामिल लोगों के बारे में जानकारी मिल सकती है।

रितेश के वित्तीय लेनदेन की जांच जारी
CID रितेश के बैंक खातों, यूपीआई लेनदेन (UPI Transaction) और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की भी जांच कर रही है। इसके माध्यम से अभ्यर्थियों से कथित तौर पर लिये गये पैसों के लेनदेन और मामले से जुड़े अन्य लोगों के संपर्क की जानकारी जुटायी जा रही है। गौरतलब है कि गिरफ्तार आरोपी रितेश कुमार, परीक्षा संचालक एजेंसी के फरार संचालक मिथिलेश सिंह का रिश्तेदार बताया जा रहा है। इस केस में अब गिरफ्तारियों की संख्या 19 हो गई है। 

Tags - JSSC CGLJSSC CGL Paper LeakJSSC CGL ExamJharkhandCID