द फॉलोअप डेस्क
झारखंड सीआईडी की टीम बुधवार को रिम्स पहुंची है। एडमिशन प्रक्रिया से जुड़ी कथित अनियमितताओं की जांच की जा रही है। टीम विभिन्न दस्तावेजों और प्रवेश से संबंधित रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही है। बताया जा रहा है कि प्रवेश प्रक्रिया में गड़बड़ी की शिकायतों के आधार पर यह जांच की जा रही है। फिलहाल सीआईडी अधिकारियों ने मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। जानकारी के अनुसार, सीआईडी के अधिकारी पिछले वर्षों हुए एडमिशन से संबंधित फाइलें, रिकॉर्ड और डिजिटल दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रहे हैं। जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण कागजात को खंगाला जा रहा है और संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि पिछले सत्र में हुए कुछ दाखिलों को लेकर अनियमितता और नियमों की अनदेखी की शिकायतें मिली थीं। आरोप है कि प्रवेश प्रक्रिया में निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य स्तर पर जांच का जिम्मा सीआईडी को सौंपा गया है।
