द फॉलोअप डेस्क
रामगढ़ की विधायक ममता देवी शनिवार को झारखंड विधानसभा में बहुचर्चित कंस्ट्रक्शन कंपनी क्लासिक इंजिकॉन को लेकर जमकर भड़कीं। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी ने गोला मुड़ी सड़क का घटिया निर्माण किया है और कई काम अधूरे छोड़ देती है। विधायक ममता देवी ने कहा कि कंपनी पथ निर्माण के अलावा ग्रामीण कार्य विभाग के टेंडरों में भी भाग लेती है, लेकिन किए गए कार्यों का संबंधित जनप्रतिनिधियों से समन्वय नहीं करती और शिलापट्ट पर नाम भी नहीं दर्ज कराती। ममता देवी ने यह भी आरोप लगाया कि उनकी शिकायतों पर विभाग की ओर से कार्रवाई नहीं होती। हालांकि, उन्होंने बताया कि पिछले दिनों उनकी शिकायत पर पथ निर्माण विभाग ने सूचना दी थी कि हजारीबाग के कार्यपालक अभियंता द्वारा 26 फरवरी को जांच की जाएगी। लेकिन अचानक पथ निर्माण के अभियंता प्रमुख ने जांच पर रोक लगा दी। ममता देवी ने यह भी आरोप लगाया कि कंपनी को विभाग के बड़े अधिकारियों का संरक्षण प्राप्त है और सरकार के साथ उनके पारिवारिक रिश्ते भी जांच का विषय हो सकते हैं।

कांग्रेस के विधायक राजेश कच्छप ने भी सदन में कहा कि उनकी विधानसभा क्षेत्र में भी क्लासिक इंजिकॉन कई काम ले रखी है और कार्य प्रारंभ करने से पहले उनसे कोई समन्वय नहीं किया जाता। उन्होंने कहा कि कंपनी अपने स्तर से शिलापट्ट तैयार कर उसे लगाती है। इस पर प्रभारी मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने सदन में घोषणा की कि बजट सत्र की समाप्ति के बाद एक टीम भेजकर कंपनी के कार्यों की जांच कराई जाएगी। जांच के दौरान ममता देवी भी उपस्थित रहेंगी।
