logo

शहीद राजेश कुमार को सीएम हेमंत और राज्यपाल ने दी श्रद्धांजलि, कहा- इनका बलिदान सदैव याद रखेगा राज्य

myt.jpg

द फॉलोअप डेस्कः 
राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आज धुर्वा स्थित सीआरपीएफ कैंप परिसर में शहीद राजेश कुमार को श्रद्धांजलि अर्पित की। राजेश कुमार सीआरपीएफ कोबरा बटालियन-209 के कांस्टेबल थे। वह चाईबासा के टोंटो क्षेत्र में माओवादियों द्वारा किए गए आईईडी ब्लास्ट में शहीद हुए हैं। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने ईश्वर से दिवंगत हुए शहीद जवान की आत्मा को शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य को नक्सल से मुक्त करने के लिए हमारे बहादुर जवान राजेश कुमार ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया है, इनका बलिदान पूरा राज्य सदैव याद रखेगा। नक्सल मुक्त झारखंड की मुहिम और मिशन में हमारे कई जवानों ने अपने प्राणों की आहुति दी है। नक्सल मुक्त अभियान का मिशन जरूर कामयाब होगा। हम सभी को अपने पुलिस जवानों पर  गर्व है। वीरगति को प्राप्त हुए शहीद जवान राजेश कुमार के परिजनों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि शोकाकुल परिजनों को इस दुःख एवं विकट परिस्थिति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। बता दें कि पश्चिमी सिंहभूम जिला स्थित टोंटो थाना के सरजामबुरू क्षेत्र में सर्च अभियान के दौरान माओवादियों द्वारा किए गए आईडी ब्लास्ट की चपेट में आने से राजेश कुमार वीरगति को प्राप्त हुए। शहीद जवान राजेश कुमार ग्राम रेवाली, जिला गरियाबंद, छत्तीसगढ़ के निवासी थे। मौके पर राज्य के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, डीजीपी श्री अजय कुमार सिंह,  मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्रीमती वंदना दादेल सहित पुलिस विभाग के अन्य वरीय अधिकारियों ने शहीद कांस्टेबल जवान राजेश कुमार को श्रद्धांजलि दी।